ब्लिट्ज ब्यूरो
सोनीपत। सोनीपत के गांव आंवली की बेटी परवीन ने इंग्लैंड के बोरेहामवुड केलिनवर्थ में लेबर पार्टी के टिकट पर काउंसलर का चुनाव जीता है। परवीन की जीत पर सोनीपत और रोहतक के लोगों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। जिले के गांव आंवली निवासी परवीन रानी की प्रारंभिक शिक्षा सोनीपत में हुई। उसके बाद उन्होंने रोहतक में उच्चतर शिक्षा ग्रहण की और कुछ समय तक नौकरी की। परवीन की शादी रोहतक में हुई। उनके पति सुनील दहिया हरियाणा रोडवेज में अकाउंट अधिकारी थे। अब वे परवीन के साथ इंग्लैंड में रहते हैं। परवीन साल 2011 में इंग्लैंड चली गई थीं।
उन्होंने इंग्लैंड में शिक्षा संस्थान चलाया। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के बाद अब राजनीति में आ गई हैं। लेबर पार्टी ने इन पर विश्वास जताया और टिकट दिया। परवीन ने चुनाव लड़ा और विजयी रहीं। कलर्स यूके की तरफ से यूके में रह रही भारतीय महिलाओं के लिए 2018 में लंदन में ‘मिसेज इंडिया यूके’ प्रतियोगिता में परवीन रानी ने ‘मिसेज गुडविल’ का खिताब जीता था।