ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत ने मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में अविश्वसनीय जीत दर्ज की। भारत ने यह मुकाबला सुपर ओवर में जीता। इसी के साथ भारतीय टीम ने सीरीज पर भी 3-0 से कब्जा जमा लिया। गौतम गंभीर का कार्यकाल शुरू होने के बाद यह भारत की पहली जीत है।
पल्लेकल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 137 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका भी 20 ओवर में आठ विकेट पर 137 ही बना पाया । मुकाबला टाई होकर सुपर ओवर में पहुंच गया। सुपर ओवर में वाशिंगटन सुंदर के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने सरेंडर कर दिया और छह गेंदों पर दो विकेट के नुकसान पर कुल दो रन बने जिनमें से एक रन वाइड बाल का था। भारत को सिर्फ तीन रन का लक्ष्य मिला। श्रीलंका की ओर से सुपर ओवर की पहली गेंद महीश तीक्षणा ने फेंकी जिस पर सूर्यकुमार यादव ने जोरदार चौका मारा और मैच जीत लिया। इससे पहले 17वें,18 वें ओवर तक श्रीलंका मजबूत दिखाई दे रहा था। 15 वें ओवर तक श्रीलंका का स्कोर था एक विकेट पर 110 रन। यानी 30 गेंदों पर केवल 30 रन बनाने थे और आधी टीम खेलने को बाकी थी। इसके बाद तो रनों पर विराम लग गया और विकेटों की पतझड़ शुरू हो गई।
19 वें ओवर में पलटा पांसा
लंका को आखिरी 12 गेंदों में नौ रनों की दरकार थी। इस स्थिति में कप्तान ने आश्चर्यजनक रूप से गेंद रिंकू सिंह को थमाई। क्रीज पर रमेश मेंडिस और कुसल परेरा मौजूद थे।
– पहली गेंद पर परेरा ने शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हुए।
– दूसरी गेंद पर रिंकू ने कुसल परेरा को कैच आउट किया।
– सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कामिंदु मेंडिस उतरे। रिंकू सिंह ने तीसरी गेंद फेंकी और उन्होंने एक रन चुरा लिया। अब श्रीलंका को जीत के लिए नौ गेंदों में आठ रनों की जरुरत थी।
– चौथी गेंद पर रमेश मेंडिस ने दो रन चुराए। अब श्रीलंका को जीत के लिए आठ गेंदों में छह रनों की जरूरत थी।
– पांचवीं गेंद पर कोई रन नहीं आया। अब श्रीलंका को सात गेंदों में छह रनों की जरूरत थी।
– छठी गेंद पर एक बार फिर रिंकू सिंह ने अपनी गेंदबाजी का कमाल दिखाया और रमेश मेंडिस को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। अब श्रीलंका को छह गेंदों में छह रनों की जरूरत थी।
20वें ओवर का रोमांच
पारी का अंतिम ओवर फेंकने के लिए गजब का साहस और आत्मविश्वास दिखाते हुए सूर्यकुमार यादव खुद आए। क्रीज पर चामिंदु विक्रमासिंघ और कामिंदु मेंडिस मौजूद थे।
– पहली गेंद पर कोई रन नहीं आया। अब पांच गेंदों पर श्रीलंका को छह रनों की जरूरत थी।
– दूसरी गेंद पर सूर्या ने कामिंदु मेंडिस को रिंकू के हाथों कैच कराया। अब श्रीलंका को चार गेंदों पर छह रनों की जरूरत थी।
– तीसरी गेंद पर सूर्या ने नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए महीश तीक्षणा को निशाना बनाया। अब श्रीलंका को तीन गेंदों पर छह रनों की जरूरत थी।
– अब बल्लेबाजी के लिए असिथा फर्नांडो आए। सू्र्या ने चौथी गेंद फेंकी जिस पर असिथा ने एक रन चुराया। अब दो गेंदों पर पांच रनों की जरूरत थी।
– पांचवीं गेंद पर विक्रमसिंघे ने दो रन चुराए। अब श्रीलंका को एक गेंद में तीन रनों की जरूरत थी।
– छठी गेंद पर विक्रमसिंघे ने फिर दो रन चुराए व श्रीलंका का स्कोर 137/8 हो गया। यह मुकाबला एेसे सुपर ओवर में पहुंचा।