विनोद शील
नई दिल्ली। वैश्विक भू-राजनीति और आर्थिक अनिश्चितताओं के दौर में भारत ने एक बार फिर अपनी सामरिक और आर्थिक मजबूती का लोहा मनवाया है। ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट द्वारा जारी ‘एशिया पावर इंडेक्स 2026’ ने भारत को एशिया की तीसरी सबसे बड़ी ‘प्रमुख शक्ति’ (मेजर पॉवर) के रूप में स्थापित किया है। भारत से पहले अमेरिका और चीन हैं।
27 देशों और 131 मानकों पर आधारित इस रिपोर्ट के आंकड़े और दूसरी तरफ अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ), विश्व बैंक व आरबीआई द्वारा भारत की जीडीपी वृद्धि दर को 7 से 7.1 प्रतिशत के आसपास आंका जाना- ये दोनों घटनाक्रम स्पष्ट करते हैं कि 21वीं सदी का ‘विकसित भारत’ अब एक ठोस वैश्विक हकीकत बन रहा है। इस राष्ट्रीय उड़ान को जमीन पर उतारने में उत्तर प्रदेश और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एवं दिल्ली-एनसीआर तथा देश के अन्य राज्यों के औद्योगिक गलियारों की भूमिका भी सबसे अहम बनकर उभरी है।
‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र (देश की जीडीपी में लगभग 13.5% का योगदान), गुजरात (यह भारत के सबसे अधिक औद्योगीकृत राज्यों में से एक है, जो देश के कुल औद्योगिक उत्पादन में लगभग 17% और कार्गो हैंडलिंग में 40% का योगदान देता है), तमिलनाडु (दक्षिण भारत का यह राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, कपड़ा और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी है, कर्नाटक (बेंगलुरु के माध्यम से इसे भारत की ‘सिलिकॉन वैली’ कहा जाता है। यह राज्य आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बायोटेक्नोलॉजी, एयरोस्पेस और स्टार्टअप इकोसिस्टम के जरिए नवाचार (इनोवेशन) का नेतृत्व कर रहा है), तेलंगाना (यह आईटी, फार्मा और लाइफ साइंसेज का बड़ा हब है) जैसे राज्य भी देश के प्रमुख क्षेत्रीय ग्रोथ इंजन (विकास के चालक) के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इसके साथ ही ओडिशा (प्रचुर खनिज संपदा, स्टील उत्पादन, ग्रीन एनर्जी और बंदरगाहों के विकास के कारण ओडिशा पूर्वी भारत का एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनकर उभर रहा है), आंध्र प्रदेश (यह अपनी लंबी तटरेखा के माध्यम से ‘ब्लू इकोनॉमी’ (समुद्री अर्थव्यवस्था), बंदरगाह विकास और शिप बिल्डिंग (जहाज निर्माण) में बड़ी भूमिका निभा रहा है), मध्य प्रदेश (देश के मध्य में स्थित होने के कारण यह राज्य लॉजिस्टिक्स, कृषि प्रसंस्करण (एग्रीकल्चर प्रोसेसिंग) और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पूर्वोत्तर के ‘अष्टलक्ष्मी’ राज्य केंद्र सरकार की ‘एक्ट ईस्ट’ और ‘ईस्ट’ नीतियों के तहत असम सहित पूर्वोत्तर के आठ राज्य जैविक खेती, पर्यटन, बुनियादी ढांचे और दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ व्यापार के प्रवेशद्वार (गेटवे) के रूप में विकसित हो रहे हैं तथा देश के लिए तेजी से उभरते हुए विकास के केंद्र बन रहे हैं। नीति आयोग के अनुसार, राज्यों के स्तर पर होने वाले निवेश, सुधार और क्षेत्रीय विशेषज्ञता ही भारत को 2047 तक एक ‘विकसित अर्थव्यवस्था’ बनाएंगे।
131 मानकों पर भारत का प्रदर्शन: कहां बढ़ी ताकत?
लोवी इंस्टीट्यूट की 2026 की रिपोर्ट में भारत का समग्र स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है। इस सूची में अमेरिका (78.9 अंक) और चीन (73.6 अंक) शीर्ष पर हैं, जबकि भारत तीसरे स्थान पर, जापान (38.6) और रूस (32.2) जैसे दिग्गज देशों से आगे है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत और चीन के बीच शक्ति का अंतराल (पॉवर गैप) 2018 के बाद से अपने सबसे निचले स्तर (33.1 अंक) पर आ गया है। रिपोर्ट के प्रमुख
आयामों में भारत का प्रदर्शन उसकी बहुआयामी ताकत को दर्शाता है:
कूटनीतिक प्रभाव (डिप्लोमैटिक इन्फ्लुएंस): 70.3 अंकों के साथ यह भारत का सबसे मजबूत पक्ष है। वैश्विक मंचों पर सक्रियता और क्षेत्रीय नेतृत्व क्षमता ने भारत को एशिया के शक्ति संतुलन का अपरिहार्य स्तंभ बना दिया है।
भविष्य के संसाधन (फ्यूचर रिसोर्सेस): इस श्रेणी में भारत ने 1.2 अंकों की छलांग लगाकर 56.2 अंक हासिल किए हैं और तीसरे स्थान पर काबिज है। यह मानक किसी देश की युवा आबादी, श्रम शक्ति और दीर्घकालिक औद्योगिक क्षमता को मापता है।
रक्षा नेटवर्क और सांस्कृतिक प्रभाव: दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ बढ़ते सैन्य सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइल के निर्यात ने भारत के रक्षा नेटवर्क स्कोर को 2.1 अंक बढ़ाकर 18.6 पर पहुंचा दिया है। वहीं, सांस्कृतिक प्रभाव में भारत ने 2.3 अंकों की बढ़त के साथ 43.8 अंक हासिल किए हैं।
आर्थिक मोर्चे पर वैश्विक एजेंसियों का भरोसा और राज्यों का योगदान
लोवी की रिपोर्ट में रुपये की कमजोरी और विदेशी निवेश में गिरावट के कारण भारत के ‘आर्थिक क्षमता’ स्कोर में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, फिर भी भारत इस श्रेणी में तीसरे स्थान पर बना हुआ है। इसके समानांतर, वैश्विक वित्तीय संस्थाओं का भारत की अर्थव्यवस्था पर विश्वास चरम पर है।
आईएमएफ ने भारत की विकास दर के अनुमान को बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया है, जबकि विश्व बैंक और आरबीआई ने इसे 7.1 प्रतिशत पर रखा है।
2047 तक भारत को 30 ट्रिलियन डॉलर (कुछ संदर्भों में 30-35 ट्रिलियन डॉलर) की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों का औद्योगिक कायाकल्प एक बड़े उत्प्रेरक की तरह काम कर रहा है। देश के कुल मोबाइल निर्माण में अकेले यूपी की हिस्सेदारी आधे से अधिक हो चुकी है। जेवर में बना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर पार्कों की स्थापना और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क ने इस क्षेत्र को ‘चीन प्लस वन’ नीति के तहत वैश्विक कंपनियों का पसंदीदा गंतव्य बना दिया है।
दुनिया को ‘विकसित भारत’ का स्पष्ट संदेश
लोवी की रैंकिंग और 7 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर का यह संगम दुनिया को तीन बड़े संदेश देता है।
पहला- स्थिरता और लचीलापन: पश्चिम एशिया के संघर्ष और वैश्विक व्यापार में तनाव के बावजूद भारत उन चुनिंदा पांच देशों में शामिल है जिनके क्षेत्रीय आर्थिक संबंधों के स्कोर में गिरावट नहीं आई।
दूसरा- जनसांख्यिकीय लाभांश: जब पूर्वी एशियाई देशों की आबादी बूढ़ी हो रही है, तब उत्तर प्रदेश जैसे युवा आबादी वाले राज्यों के कौशल विकास और विनिर्माण हब बनने से भारत के ‘भविष्य के संसाधन’ को असली ताकत मिल रही है।
तीसरा- रणनीतिक स्वायत्तता: यूपी डिफेंस इंडस्टि्रयल कॉरिडोर से लेकर ब्रह्मोस के निर्यात तक, भारत अपनी रक्षा आत्मनिर्भरता के जरिए इंडो-पैसिफिक में एक भरोसेमंद शक्ति बन रहा है।
इन आंकड़ों के भीतर भारत के लिए भविष्य की असीम संभावनाएं छिपी हैं। 4 ट्रिलियन डॉलर से बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका भारत अब वैश्विक सप्लाई चेन के विविधीकरण (चीन प्लस वन नीति) का सबसे बड़ा लाभार्थी बनने की स्थिति में है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सेमीकंडक्टर, हरित ऊर्जा और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भारत के पास न केवल घरेलू बाजार की मांग को पूरा करने, बल्कि दुनिया को समाधान देने की क्षमता है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र जिस तरह उत्तर भारत के सबसे बड़े डेटा सेंटर और आईटी हब के रूप में विकसित हुआ है, वह भारत की डिजिटल शक्ति को नई ऊंचाई दे रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में वैश्विक नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है।
हालांकि, रिपोर्ट यह भी संकेत देती है कि भारत को अपनी क्षमताओं को वास्तविक क्षेत्रीय प्रभाव में बदलने के लिए क्षेत्रीय व्यापार समझौतों (एफटीए) और विनिर्माण क्षेत्र में निवेश की गति को और तेज करना होगा। यदि राज्यों के स्तर पर ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ और कौशल विकास की यह रफ्तार कायम रहती है तो 2047 तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य न केवल समय से पहले पूरा होगा, बल्कि एशिया की शक्ति-संतुलन की धुरी भी नई दिल्ली की ओर झुकती दिखाई देगी।
चीन से घटा फासला, जापान-रूस को पीछे छोड़ा
एशिया की तीसरी महाशक्ति: 131 मानकों पर 40.5 अंकों के साथ भारत तीसरे स्थान पर (अमेरिका और चीन के बाद, जापान व रूस से आगे)।
चीन से घटता फासला: भारत और चीन के बीच शक्ति का अंतराल (पॉवर गैप) 2018 के बाद सबसे निचले स्तर (33.1 अंक) पर।
7%+ की आर्थिक रफ्तार: आईएमएफ (7%), विश्व बैंक और आरबीआई (7.1%) ने भारत को बताया दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था।
कूटनीतिक दबदबा: 70.3 अंकों के साथ कूटनीतिक प्रभाव भारत की सबसे बड़ी ताकत।
भविष्य के संसाधन: युवा आबादी और तकनीकी क्षमता के दम पर 56.2 अंकों के साथ भारत तीसरे नंबर पर।
प्रमुख राज्यों का योगदान और उनकी विशेषताएं
महाराष्ट्र : वित्त, ऑटोमोबाइल, फार्मा, आईटी- देश की जीडीपी में सर्वाधिक योगदानकर्ता
गुजरात: सेमीकंडक्टर, पेट्रोकेमिकल्स, ग्रीन एनर्जी, बंदरगाह- औद्योगिक उत्पादन और निर्यात का प्रमुख केंद्र
तमिलनाडु : इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोटिव, फुटवियर, पवन ऊर्जा- विनिर्माण और निर्यात में अग्रणी राज्य
कर्नाटक : आईटी, एआई, स्टार्टअप, एयरोस्पेस, रक्षा -तकनीक और नवाचार (इनोवेशन) का मुख्य इंजन
ओडिशा व आंध्र प्रदेश : खनिज, स्टील, समुद्री व्यापार, शिप बिल्डिंग -पूर्वी तट और ‘ब्लू इकोनॉमी’ के मुख्य चालक
इन सभी राज्यों की साझा विशेषता यह है कि ये निवेश अनुकूलता सूचकांक (इन्वेस्टमेंट फ्रैंडलीनेस इंडेक्स) और ‘पीएम गति शक्ति’ जैसी योजनाओं के माध्यम से बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और व्यापार सुगमता (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) को लगातार बेहतर बना रहे हैं।
राष्ट्रीय उड़ान के सारथी बन रहे यूपी और नोएडा-ग्रेटर नोएडा
मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब: देश के कुल मोबाइल निर्माण में यूपी और एनसीआर की हिस्सेदारी 50% से अधिक।
डिजिटल व एआई पावरहाउस: उत्तर भारत के सबसे बड़े डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर हब के रूप में उभरता नोएडा-ग्रेटर नोएडा।
मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर: जेवर एयरपोर्ट और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क ने विदेशी निवेशकों को किया आकर्षित।
रक्षा आत्मनिर्भरता: यूपी डिफेंस इंडस्टि्रयल कॉरिडोर और ब्रह्मोस निर्यात से भारत के रक्षा नेटवर्क स्कोर में 2.1 अंकों की बड़ी उछाल।














