ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद के तहत विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) 2027 की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। 17 नवंबर को जारी इस सूची के मुताबिक, प्रदेश में अब कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता दर्ज हैं। अप्रैल 2026 में जारी पिछली अंतिम मतदाता सूची की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार 113 का इजाफा हुआ है। हालांकि, राज्य की अनुमानित वयस्क आबादी और मतदाता सूची में दर्ज लोगों की संख्या के बीच अब भी करीब 2.58 करोड़ का अंतर है। इस बढ़ोतरी के बीच युवा मतदाताओं की संख्या में गिरावट और पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में अपेक्षाकृत अधिक वृद्धि जैसे अहम आंकड़े भी सामने आए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, ड्राफ्ट सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिलाएं और 4,042 थर्ड जेंडर यानी तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। अब इस सूची पर आम लोगों से दावे और आपत्तियां मांगी गई हैं। यानी ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं होने, गलत जानकारी दर्ज होने या किसी अन्य तरह की त्रुटि होने पर मतदाता निर्धारित अवधि में आवेदन कर सकेंगे।
नई मतदाता सूची के आंकड़ों का विश्लेषण करें तो पता चलता है कि अप्रैल से नवंबर के बीच पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या में अधिक वृद्धि हुई है। पिछली अंतिम सूची में 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष मतदाता थे, जो अब बढ़कर 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 हो गए हैं। इस तरह पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7 लाख 87 हजार 449 की बढ़ोतरी हुई है।
वहीं, महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 9 लाख 5 हजार 525 से बढ़कर 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 हो गई है। यानी इस अवधि में 10 लाख 96 हजार 828 महिलाओं के नाम मतदाता सूची में बढ़े हैं। कुल बढ़े मतदाताओं में महिलाओं की हिस्सेदारी पुरुषों से अधिक है। इसके उलट, तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 4,206 से घटकर 4,042 रह गई है। इस श्रेणी में 164 मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है।
एक अन्य महत्वपूर्ण आंकड़ा जेंडर रेशियो का है। अप्रैल की सूची में प्रति 1,000 पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं की संख्या 834 थी, जो नई ड्राफ्ट सूची में बढ़कर 840 हो गई है। यानी मतदाता सूची में महिलाओं का अनुपात बेहतर हुआ है।














