ब्लिट्ज ब्यूरो
नोएडा । ट्रैक्टर व कृषि उपकरण निर्माता कंपनी सीएनएच अपने जेवर प्लांट में 200 मिलियन डॉलर का निवेश करेगी। कंपनी की 100 एकड़ में फैली नई यूनिट से सीएनएच इंडिया की सालाना क्षमता में 1 लाख ट्रैक्टर जुड़ जाएंगे, जिससे इसकी कुल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता 1.7 लाख यूनिट हो जाएगी।
सीएनएच, जेवर में अपनी नई यूनिट का इस्तेमाल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए ट्रैक्टरों का उत्पादन बढ़ाने के लिए करेगी। इस प्लांट से कंपनी की सालाना उत्पादन क्षमता में 1 लाख यूनिट का इजाफा होने की उम्मीद है। भारत में कामकाज बढ़ाने के लिए कंपनी इस यूनिट और इससे जुड़े प्रोडक्ट प्रोग्राम्स में निवेश करने जा रही है।
नई यूनिट चरणों में विकसित होगी, जहां 120 एचपी तक के ट्रैक्टरों का उत्पादन किया जाएगा। सीएनएच के सीईओ गेरिट मार्क्स ने कहा कि कंपनी का कामकाज सिर्फ घरेलू बाजार की जरूरतों को पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की मैन्युफैक्चरिंग और इंजीनियरिंग क्षमताएं वैश्विक कारोबार को भी सपोर्ट करती हैं।














