ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना नदी को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से ‘चलो यमुना’ (स्वच्छ यमुना प्रहरी) अभियान के तहत सफाई कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईटीओ स्थित हाथी घाट पर यमुना किनारे आयोजित सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नदी को स्वच्छ रखने के लिए आम लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
सीएम ने पोस्ट की फोटो
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सफाई अभियान की तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि आज ‘चलो यमुना अभियान’ के अंतर्गत आईटीओ स्थित हाथी घाट पर स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा के मुख्य सचेतक एवं विधायक अभय वर्मा सहित युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। हजारों लोगों ने सफाई अभियान में भाग लिया।
सीएम गुप्ता ने पोस्ट में आगे लिखा कि आज दिल्ली के 70 यमुना घाटों पर हजारों दिल्लीवासियों ने एकजुट होकर सफाई की और मां यमुना के प्रति अपनी श्रद्धा को सेवा में बदलने का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। यह जनभागीदारी मां यमुना को उनका निर्मल स्वरूप लौटाने के हमारे संकल्प को नई शक्ति देती है।
सीएम गुप्ता का आग्रह
उन्होंने आगे लिखा कि मेरा सभी दिल्लीवासियों से आग्रह है कि यमुना के घाटों और किनारों पर प्लास्टिक, पूजा सामग्री या अन्य कचरा न डालें। घाटों की स्वच्छता बनाए रखें और दूसरों को भी प्रेरित करें। आइए, ‘यमुना प्रहरी’ बनें। मां यमुना की स्वच्छता को अभियान से आगे बढ़ाकर अपना स्वभाव बनाएं।














