ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। 12वीं पास करने के बाद अगर आप स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं और लोगों की सेवा करने का जज्बा रखते हैं, तो नर्सिंग आपके लिए एक सबसे बेहतरीन और सुरक्षित करियर विकल्प हो सकता है। आज के समय में भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी ट्रेंड नर्सों की मांग काफी तेजी से बढ़ रही है। 12वीं कक्षा के बाद छात्र विभिन्न डिप्लोमा और डिग्री कोर्स में एडमिशन लेकर एक प्रोफेशनल नर्स बन सकते हैं। इन कोर्सेज की सबसे अच्छी बात यह है कि इनमें पढ़ाई पूरी करते ही अस्पतालों, क्लीनिकों और रिसर्च सेंटरों में तुरंत नौकरी मिल जाती है।
12वीं के बाद उपलब्ध प्रमुख नर्सिंग कोर्स
एएनएम : यह 2 साल का डिप्लोमा कोर्स है, जिसे 12वीं कक्षा (साइंस या आर्ट्स स्ट्रीम) पास कर चुकी छात्राएं कर सकती हैं। इसमें बेसिक हेल्थकेयर, फर्स्ट एड और मरीजों की देखभाल का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एएनएम नर्सों की बहुत मांग रहती है।
जीएनएम : यह 3.5 वर्ष (6 महीने की इंटर्नशिप सहित) का डिप्लोमा कोर्स है। इसके लिए अभ्यर्थी का 12वीं (बायोलॉजी/साइंस स्ट्रीम या मान्यता प्राप्त बोर्ड से अन्य विषय) पास होना आवश्यक है। जीएनएम करने के बाद छात्र अस्पतालों में जनरल नर्स, स्टाफ नर्स या होम केयर नर्स के रूप में काम कर सकते हैं।
बीएससी नर्सिंग : यह 4 साल का अंडरग्रेजुएट डिग्री कोर्स है। इसमें एडमिशन के लिए छात्र का 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी (पीसीबी ) विषयों के साथ न्यूनतम 45-50% अंकों से पास होना अनिवार्य है।
एडमिशन प्रक्रिया और प्रवेश परीक्षाएं
अनेक राज्यों और प्राइवेट कॉलेजों में एएनएम और जीएनएम कोर्सेज में 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट बनाकर डायरेक्ट एडमिशन मिल जाता है। वहीं, प्रीमियर संस्थानों और सरकारी कॉलेजों में बीएससी नर्सिंग में दाखिले के लिए राष्ट्रीय स्तर पर नीट यूजी या राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षाएं जैसे एम्स बीएससी नर्सिंग, आरयूएचएस, आईपीयू सीईटी आयोजित की जाती हैं।
जॉब स्कोप और शुरुआती सैलरी
नर्सिंग का कोर्स पूरा करने के बाद छात्रों को सरकारी अस्पतालों, प्राइवेट सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों, सेना के मेडिकल कोर, नर्सिंग होम और एनजीओ में आसानी से जॉब मिल जाती है। शुरुआत में एक फ्रेश स्टाफ नर्स को 18,000 रुपये से 35,000 रुपये प्रतिमाह तक का सैलरी पैकेज मिलता है। वहीं एम्स या केंद्र सरकार के अस्पतालों में बीएससी नर्सिंग पास अभ्यर्थियों की शुरुआती सैलरी 60,000 रुपये से 70,000 रुपये प्रतिमाह से अधिक होती है। इसके अलावा, विदेश जाकर लाखों में कमाई का मौका मिलता है।














