ब्लिट्ज ब्यूरो
दुबई। भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दुबई का मशहूर बुर्ज खलीफा शुक्रवार (15 अगस्त) की रात तिरंगे के रंगों से जगमगा उठा। दुनिया की सबसे ऊंची इमारत पर केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी दिखाई दी। इस खास नजारे ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा और भारत के स्वतंत्रता दिवस का जश्न दुबई में भी देखने को मिला।
दुबई स्थित भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने इस खास मौके की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। पोस्ट में इसे भारत की यात्रा, गर्व और भावना को समर्पित खास श्रद्धांजलि बताया गया। साथ ही इसे भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच मजबूत दोस्ती का प्रतीक भी बताया गया। बुर्ज खलीफा पर इस तरह की रोशनी दुनिया के अलग-अलग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मौकों पर दिखाई जाती है। भारत के स्वतंत्रता दिवस पर भी यहां पहले कई बार तिरंगे के रंगों में रोशनी की जा चुकी है।
828 मीटर ऊंचा है बुर्ज खलीफा
बुर्ज खलीफा की ऊंचाई 828 मीटर है और यह दुनिया की सबसे ऊंची इमारत के रूप में जानी जाती है। दुबई की पहचान बन चुकी यह इमारत बड़े राष्ट्रीय समारोहों और अंतरराष्ट्रीय मौकों पर खास रोशनी के लिए भी प्रसिद्ध है।
दुनिया के नेताओं ने दी भारत को बधाई
भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दुनिया के कई देशों के नेताओं और सरकारों की ओर से भी शुभकामनाएं दी गईं ं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को बधाई दी। भारत का स्वतंत्रता दिवस देश के साथ-साथ दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भी मनाया गया।














