ब्लिट्ज ब्यूरो
कोलकाता। कोलकाता के दुर्गा पूजा उत्सव में टिकटों की हेराफेरी और जनता के साथ धोखाधड़ी का बड़ा रैकेट सामने आया है। पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन और मासआर्ट के अधिकारियों पर आरोप हैं कि उन्होंने यूनेस्को के नाम का गलत इस्तेमाल कर महंगे टिकट बेचे। 4000 रुपये में दुर्गा पूजा के ‘प्रिव्यू शो’ के टिकट बेचने का आरोप है।
दुर्गा पूजा के ग्लोबल प्रमोटर और अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल कंसलटेंट जयदीप मुखर्जी ने विगत दिवस कोलकाता पुलिस के कमिश्नर अजय नंद के पास एक शिकायत दर्ज कराई है।
‘महानिर्वाण रोड मास आर्ट सोसाइटी’ (मासआर्ट) का गठन 24 जून 2022 को किया गया था। ये गठन यूनेस्को द्वारा कोलकाता की दुर्गा पूजा को मान्यता मिलने के ठीक बाद हुआ। अब आरोप है कि पूर्व मंत्री और संस्था के लोगों ने झूठा दावा किया कि ‘मासआर्ट’ बंगाल में दुर्गा पूजा को बढ़ावा देने के लिए यूनेस्को भी पार्टनर है।
इस फर्जीवाड़े के जरिए संस्था पर महंगे टिकटों की बिक्री के आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि संस्था ने चुनिंदा 24 दुर्गा पूजा पंडालों में प्रवेश के लिए आम जनता को 4,000 रुपये में ‘प्रिव्यू शो’ के टिकट बेचे।











