ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा अब बॉलीवुड में कम और हॉलीवुड में ज्यादा एक्टिव हैं। इन दिनों प्रियंका अपनी अपकमिंग फिल्म ‘द ब्लफ’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसकी वजह से वो आए दिन चर्चा में बनी रहती हैं।
हालांकि देसी गर्ल इस वक्त अपने एक डांस वीडियो को लेकर खबरों में छाई हुई हैं। हाल ही में प्रियंका चोपड़ा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक्ट्रेस भोजपुरी गाने पर डांस करती नजर आ रही हैं। वहीं इस वीडियो में उनके साथ उनकी मम्मी और पति निक जोनस भी नजर आ रहे हैं।
दरअसल, प्रियंका चोपड़ा का ये वायरल वीडियो उनके बर्थडे के दौरान का है। हाल ही में प्रियंका ने अपना 42वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उनकी बेस्ट फ्रेंड तमन्ना दत्त के पति सुदीप दत्त ने प्रियंका को बर्थडे विश करते हुए उनका ये अनसीन वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रियंका चोपड़ा भोजपुरी के पावर स्टार कहे जाने वाले पवन सिंह के गाने ‘लॉलीपॉप लागेलू’ पर डांस करती दिख रही हैं। वहीं उनके साथ इस दौरान उनकी मम्मी मधु चोपड़ा भी साथ में ताल से ताल मिलाती दिख रही हैं।
इतना ही नहीं एक्ट्रेस के पति निक जोनस इस दौरान अपनी वाइक का बड़े ही प्यार से वीडियो बनाते हुए भी नजर आ रहे हैं। प्रियंका के इस अंदाज को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। एक्ट्रेस का ये वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर धमाल मचा रहा है।