ब्लिट्ज ब्यूरो
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के 6 महीने बाद न सिर्फ राज्य का राजनीतिक माहौल बदल रहा है, बल्कि भक्ति के तौर तरीके बदल गए हैं। मंदिरों में देवी-देवताओं को अर्पित करने के लिए कमल के फूल की डिमांड बढ़ गई है। यहां तक कि दक्षिणेश्वर से कालीघाट के मंदिरों में मां काली का प्रिय माने जाने वाले लाल अड़हुल के फूल की जगह भक्त कमल का फूल ले रहे हैं। इस बार पश्चिम बंगाल में कमल की बंपर फसल हुई है।
अड़हुल के फूल से सस्ता है कमल का फूल
अप्रैल में बीजेपी की जीत और मई में शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण के बाद कमल का फूल पश्चिम बंगाल में लोकप्रिय हो गया है। आध्यात्मिक शक्ति के केंद्र माने जाने वाले माता के मंदिरों में भी अड़हुल के फूल से ज्यादा गुलाबी और सफेद कमल की डिमांड बढ़ गई है। दक्षिणेश्वर, कालीघाट, बिष्णुपुर और कंकालीतला के विश्व प्रसिद्ध काली मंदिर में भी भक्त कमल अर्पित कर रहे हैं। दक्षिणेश्वर में तो कमल प्रसाद का नया चलन शुरू हो गया है।
इस बार बंगाल में कमल की शानदार पैदावार हुई है। लाल अड़हुल के फूल के मुकाबले कमल काफी सस्ता है। कमल का एक फूल 2 रुपये में बिक रहा है, जबकि 100 अड़हुल के एक पैकेट की कीमत लगभग 50 रुपये है। क्रेज ऐसा है कि कुछ भक्त तो एक थाली कमल फूल चढ़ावे के लिए मांगते हैं।
दक्षिणेश्वर मंदिर के पास फूल बेचने वाले संजय दत्ता पंडितजी भी कर रहे कमल का समर्थन
बिष्णुपुर मंदिर के पुजारी बापी बनर्जी भी मानते हैं कि कमल का फूल अड़हुल की जगह ले रहा है। उन्होंने बताया कि वह भी भक्तों को कमल चढ़ाने की सलाह दे रहे हैं क्योंकि देवताओं को यह पसंद है। तारकेश्वर में काली मंदिर के पुजारी असीम मुखोपाध्याय ने बताया कि अड़हुल के फूल चढ़ाने की परंपरा 18वीं सदी में शुरू हुई। उस समय देवी के उपासक शाक्त कवि रामप्रसाद सेन अड़हुल के लाल फूल भेंट करने का प्रचलन शुरू किया। धीरे-धीरे यह शाक्त उपासकों के लिए परंपरा बन गई। अब कमल के साथ रामप्रसाद सेन का युग ही समाप्त हो गया है। यूपी और कर्नाटक के पंडित पहले से ही कमल चढ़ाने के समर्थक रहे हैं।














