कोलकाता। इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) और अंबुजा नियोतिया ने कोलकाता और सिलीगुड़ी में ‘आईएचसीएल सेलेक्शन्स’ ब्रांड के तहत ‘अल्टएयर हाउस’ की शुरुआत की है। यह पहल पश्चिम बंगाल के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 2,700 करोड़ रुपये के बड़े निवेश का हिस्सा है। इन होटलों को इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि इनमें स्थानीय संस्कृति की झलक मिले और मेहमानों को खाने-पीने का एक अनोखा अनुभव मिल सके। इन प्रॉपर्टीज में कमरे, सुइट्स और इवेंट्स व समारोहों के लिए जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं।
आईएचसीएल के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ, पुनीत छतवाल ने कहा, “कोलकाता और सिलीगुड़ी में ‘आईएचसीएल सेलेक्शन्स’ ब्रांड के तहत ‘अल्टएयर हाउस’ की शुरुआत से अंबुजा नियोतिया के साथ हमारी पुरानी साझेदारी और मजबूत हुई है। अपने खास डिज़ाइन और अनुभवों के साथ, ‘अल्टएयर हाउस’ – ‘आईएचसीएल सेलेक्शन्स’ प्लेटफॉर्म के लिए एकदम सही है। एक फ्रेंचाइजी व्यवस्था के तहत शुरू की गई ये प्रॉपर्टीज हमारी यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत है।”
उन्होंने आगे कहा, “एक जैसी सोच के साथ, आईएचसीएल और अंबुजा नियोतिया पर्यटन को बढ़ावा देने, यात्रा के नए अनुभव तैयार करने और पूरे क्षेत्र में आईएचसीएल के ब्रांड्स की मौजूदगी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
इस मौके पर, अंबुजा नियोतिया ने पश्चिम बंगाल के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 2,700 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की। यह निवेश कोलकाता, रायचक, दीघा, सिलीगुड़ी, लाटागुड़ी, कलिम्पोंग और दार्जिलिंग में आईएचसीएल के विभिन्न ब्रांड्स के लिए किया जाएगा। इस निवेश में हाल ही में शुरू किए गए दो होटल और दार्जिलिंग स्थित ‘ताज चिया कुटीर रिज़ॉर्ट एंड स्पा’ का 100 करोड़ रुपये का विस्तार शामिल है। इस विस्तार में 28 नए कमरे (कीज) और 15,000 वर्ग फुट की बैंक्वेट सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। अंबुजा नियोतिया ग्रुप के चेयरमैन, हर्षवर्धन नियोतिया ने कहा, “बंगाल में विविध प्रकार के प्राकृतिक नज़ारे और सांस्कृतिक अनुभव मौजूद हैं – यहां जीवंत शहर और नदी के किनारे हैं, तो वहीं दूसरी ओर घने जंगल, चाय के बागान और हिमालय भी हैं। लगभग 2,700 करोड़ रुपये के निवेश का हमारा यह फैसला इस क्षेत्र की पर्यटन क्षमता में हमारे भरोसे को दर्शाता है। हमारा लक्ष्य ऐसे पर्यटन स्थल तैयार करना है, जहां लोग जाना चाहें और बार-बार आना पसंद करें। उन्होंने आगे कहा, बेहतरीन मेहमाननवाजी के प्रति हमारी साझा समझ के कारण, पिछले कुछ वर्षों में आईएचसीएल के साथ हमारा जुड़ाव और गहरा हुआ है।
कोलकाता के सॉल्ट लेक सेक्टर पांच में स्थित ‘अल्टएयर’ पिछले लगभग एक दशक से मेहमाननवाजी, डाइनिंग और मनोरंजन के लिए एक खास जगह रही है।














