ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 330 सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर की आगामी भर्ती में हिंदी विषय के सर्वाधिक 195 पदों पर चयन होगा। उच्च शिक्षा निदेशालय ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को 44 विषयों में कुल 2107 रिक्त पदों का ब्योरा भेजा है। सह-शिक्षा महाविद्यालयों में 1699, जबकि महिला महाविद्यालयों में 408 पद खाली हैं। प्रदेश के 21 अल्पसंख्यक महाविद्यालयों ने एक भी रिक्त पद की सूचना नहीं भेजी है।
खास बात यह है कि एडेड महाविद्यालयों में चार साल बाद होने जा रही भर्ती में सात विषयों में 100 या अधिक पद शामिल हैं। रसायन विज्ञान 178, बीएड 176, अंग्रेजी में 111, वनस्पति विज्ञान 104, अर्थशास्त्र 103 और संस्कृत में 100 पद हैं। चयन आयोग पहले ही असिस्टेंट प्रोफेसर के सभी विषयों का पाठ्यक्रम जारी कर चुका है। अब उच्च शिक्षा निदेशालय के अफसरों से चर्चा के बाद विज्ञापन जारी होगा।
13 विषयों में दस से कम पद
रिक्तियों की जो सूचना भेजी है उनमें कई विषय ऐसे हैं जिनमें दस से कम पद हैं। एशियन कल्चर, मानव विज्ञान एवं संगीत वादन सितार में केवल एक-एक, कृषि सांख्यिकी व कुक्कु ट पालन में दो-दो, कीट विज्ञान में चार, कृषि एवं पादप प्रजनन व कृषि प्रसार में पांच-पांच, भूगर्भविज्ञान में छह, उद्यान विज्ञान में सात, कृषि रसायन व कृषि वनस्पति में आठ-आठ जबकि संगीत वादन तबला में नौ पद हैं। कुक्कु ट पालन के पद अलग से विज्ञापित नहीं होंगे।
प्रस्तावित नई भर्ती में 17 विषय ऐसे हैं जिनमें 50 से अधिक पदों पर चयन होगा। सात विषयों में तो 100 या अधिक पद हैं लेकिन दस विषय ऐसे हैं जिनमें 50 से 100 के बीच हैं।
वाणिज्य 99, भौतिक विज्ञान 98, भूगोल 96, राजनीतिशास्त्र 94, प्राणि विज्ञान 91, समाजशास्त्र 81, मनोविज्ञान 71, विधि के 61, इतिहास 60 और गणित में 51 पद हैं।













