वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि विश्व प्रसिद्ध हॉलीवुड अब बर्बादी के कगार पर पहुंच गया है। उन्होंने इसे लेकर बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस में फिल्म और टेलीविजन प्रोडक्शन के लिए फेडरल टैक्स इंसेंटिव यानी केंद्र सरकार की तरफ से टैक्स में छूट देने वाली योजना की पैरवी करेंगे। उनका मकसद विदेशों में जा रही फिल्म इंडस्ट्री की नौकरियों को वापस अमेरिका लाना है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हॉलीवुड के ‘एंबेसडर’ और दिग्गज एक्टर जॉन वोइट के साथ हुई अपनी मुलाकात के बारे में बताया। दोनों ही अमेरिका में फिल्म और टीवी इंडस्ट्री की हालत को लेकर बेहद चिंतित हैं। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका में फिल्म और टेलीविजन प्रोडक्शन लगभग पूरी तरह बिखर गया है। बड़े-बड़े प्रोजेक्ट अब दूसरे देशों में जा रहे हैं, क्योंकि वहांज्यादा आकर्षक इंसेंटिव मिलते हैं। पारंपरिक फिल्म प्रोडक्शन सेंटरों से काम के बाहर जाने की वजह से हॉलीवुड की हालत पूरी तरह बर्बाद जैसी हो गई है।














