चंडीगढ़। चंडीगढ़ की मशहूर मेडिकल संस्था पीजीआई यानी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च ने सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों को बड़ी खुशखबरी दी है। संस्थान ने कुल 60 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। खास बात यह है कि इसमें मैट्रिक पास से लेकर मेडिकल डिग्रीधारी तक, हर तरह के उम्मीदवारों के लिए कोई न कोई पद मौजूद है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 सितंबर से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 19 अक्टूबर तक फॉर्म भर सकते हैं।
कुल 60 पदों में से 57 पद खुद चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में भरे जाएंगे, जबकि बाकी 3 पद पंजाब के संगरूर स्थित पीजीआई सैटेलाइट सेंटर के लिए हैं। सबसे ज्यादा वैकेंसी मल्टी टास्किंग स्टाफ यानी सैनिटेशन ग्रेड-III के लिए निकाली गई है, जिसमें अकेले 54 पद शामिल हैं। लाइब्रेरी अटेंडेंट ग्रेड-I का एक पद, एनिमल अटेंडेंट का एक पद और बार्बर का भी एक पद है। संगरूर सेंटर में मेडिकल ऑफिसर, कंप्यूटर प्रोग्रामर और फार्मासिस्ट ग्रेड-II, इन तीनों श्रेणियों में एक-एक पद रखा गया है।
क्या है योग्यता
मल्टी टास्किंग स्टाफ, बार्बर, एनिमल अटेंडेंट जैसे पदों के लिए सिर्फ मैट्रिक यानी दसवीं पास होना ही काफी है, इसलिए इन पदों को हासिल करना अपेक्षाकृत आसान माना जा रहा है। लाइब्रेरी अटेंडेंट के लिए साइंस विषय के साथ मैट्रिक और लाइब्रेरी साइंस में डिप्लोमा जरूरी है। फार्मासिस्ट ग्रेड-II पद के लिए फार्मेसी डिप्लोमा और फार्मेसी एक्ट के तहत रजिस्ट्रेशन मांगा गया है। कंप्यूटर प्रोग्रामर के के लिए स्टैटिस्टिक्स, गणित या कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री के साथ कंप्यूटर प्रोग्रामिंग का अनुभव जरूरी है। सबसे ऊंचा पद मेडिकल ऑफिसर का है, जिसके लिए मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री और स्टेट मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है।
आयु सीमा क्या रखी गई?
उम्र सीमा की बात करें तो ज्यादातर पदों के लिए न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम 30 साल तय की गई है, हालांकि कंप्यूटर प्रोग्रामर के लिए अधिकतम उम्र सीमा 35 साल रखी गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट भी मिलेगी, जिसके लिए एससी-एसटी वर्ग को 5 साल, ओबीसी वर्ग को तीन साल और दिव्यांग उम्मीदवारों को दस साल तक की छूट दी जाएगी। उम्र की गणना 19 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी।
आवेदन शुल्क : सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1500 रुपये देने होंगे, जबकि एससी-एसटी वर्ग के लिए यह फीस घटकर 800 रुपये रह जाती है। दिव्यांग उम्मीदवारों को किसी भी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। संस्थान ने साफ हिदायत दी है कि फीस भरने के लिए यूपीआई के बजाय डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग का इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा।
क्या है चयन प्रक्रिया?
सभी उम्मीदवारों को पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी सीबीटी से गुजरना होगा। ग्रुप बी और सी के पदों के लिए यह परीक्षा 100 सवालों की होगी, जबकि ग्रुप ए यानी मेडिकल ऑफिसर पद के लिए 85 सवालों की परीक्षा के बाद 15 अंकों का इंटरव्यू भी लिया जाएगा। हर गलत जवाब पर 0.25 अंक काटे जाएंगे।













