पटना। पटना जंक्शन पर आयोजित रेल जनसंवाद कार्यक्रम में पूर्व मध्य रेल की महाप्रबंधक (जीएम) डिम्पी गर्ग सीधे यात्रियों से रूबरू हुईं ं। इस दौरान पटना सहित आसपास के जिलों से आए यात्रियों ने ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई की कमी, कोचों में भारी भीड़, टिकट काउंटरों पर छुट्टे (खुले) पैसों का अभाव, पार्सल में मनमानी वसूली और स्टेशन के बाहर लगने वाले भीषण जाम से जुड़े कई गंभीर मुद्दे उठाए। महाप्रबंधक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल व चरणबद्ध सुधार के निर्देश दिए।
प्लेटफॉर्म संख्या एक पर संवाद के दौरान सहरसा के यात्री सुभाष कुमार ने राज्यरानी एक्सप्रेस के शौचालयों में गंदगी और बोगियों में सफाई न होने का मुद्दा उठाया। इस पर जीएम ने तत्काल सफाई सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वाली संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया।
वहीं इरशाद अहमद ने जंक्शन परिसर में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने की शिकायत की, जिस पर जीएम ने आवश्यकतानुसार अतिरिक्त वाटर बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा भागलपुर और पटना के बीच पैसेंजर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग भी यात्रियों द्वारा रखी गई।
टिकट दलाली और खुले पैसों की समस्या पर कड़ा रुख
महनार के पुरुषोत्तम किशोर ने आरोप लगाया कि काउंटरों पर टिकट अनुपलब्ध बता दिया जाता है, जबकि दलालों के जरिए अधिक कीमत पर आसानी से टिकट मिल जाते हैं। महाप्रबंधक ने दलालों के खिलाफ सघन अभियान चलाने का भरोसा दिया और यात्रियों से अनाधिकृत व्यक्तियों से टिकट न खरीदने की अपील की।














