नई दिल्ली। अगर आप 10वीं पास हैं और रेलवे में नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो आपके लिए खुशखबरी है। दरअसल, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे (एनडब्ल्यूआर) अप्रेंटिस के 2008 पदों पर भर्ती करने जा रही है। इसके के लिए एनडब्ल्यूआर ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट rrcjaipur.in पर जाकर अपना आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस भर्ती अभियान के तरहत उम्मीदवारों का चयन बिना परीक्षा के डायरेक्ट मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट rrcjaipur.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। चलिए जानते हैं कि इस भर्ती अभियान की शुरुआत कब हो रही है और कैसे आवेदन कर सकते हैं। साथ ही योग्यता, आवेदन फीस समेत सभी जानकारियां भी जानेंगे।
आवेदन से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियां
बता दें कि आरआरसी एनडब्ल्यूआर अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 7 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 6 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे है। अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार न करें, इससे पहले ही आवेदन पूरा कर लेना चाहिए।
अलग-अलग ट्रेड में भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत रेलवे की अलग-अलग यूनिट के लिए कई ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें फिटर, इलेक्ट्रीशियन, डीजल मैकेनिक, वेल्डर, कारपेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट जैसे ट्रेड शामिल हैं। अभ्यर्थियों को उपलब्ध विकल्पों में से केवल एक यूनिट का चयन करना होगा यानी एक ही अभ्यर्थी अलग-अलग यूनिट के लिए कई आवेदन नहीं कर सकता।
कुल कितने पद
आरआरसी नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे की इस भर्ती के तहत कुल 2008 अप्रेंटिस प्रशिक्षण स्लॉट उपलब्ध हैं। इन पदों को अलग-अलग रेलवे मंडल और यूनिट के अनुसार बांटा गया है। डीआरएम ऑफिस अजमेर में 500, डीआरएम ऑफिस बीकानेर में 524, डीआरएम ऑफिस जयपुर में 580 और डीआरएम ऑफिस जोधपुर में 134 अप्रेंटिस स्लॉट हैं। इसके अलावा बीटीसी कैरिज अजमेर में 101, बीटीसी लोको अजमेर में 69, कैरिज वर्कशॉप बीकानेर में 33 और कैरिज वर्कशॉप जोधपुर में 67 प्रशिक्षण स्लॉट निर्धारित किए गए हैं। इस तरह सभी रेलवे मंडल और यूनिट के स्लॉट को मिलाकर अप्रेंटिस के कुल 2008 प्रशिक्षण पद हैं।
कौन कर सकता है आवेदन
इस भर्ती अभियान के लिए अभ्यर्थी को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं में कम से कम 50 प्रतिशत मार्क्स के साथ पास होना चाहिए। साथ ही अभ्यर्थी के पास संबंधित ट्रेड में नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट यानी एनटीसी होना चाहिए। यह सर्टिफिकेट नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग यानी एनसीवीटी या स्टेट काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग यानी एससीवीटी से जारी होना जरूरी है।
आयु सीमा : उम्मीदवार की आयु 6 नवंबर 2026 को कम से कम 15 वर्ष और 24 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
आवेदन शुल्क : इस भर्ती अभियान के तहत जिन उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क लागू है, उन्हें 100 रुपये का भुगतान करना होगा। एससी-एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है। यानी इन उम्मीदवारों को कोई आवेदन शुल्क नहीं देना होगा। आवेदन शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है।














