ब्लिट्ज ब्यूरो
पेरिस। ओलंपिक में एक ही दिन देशवासियों को दोहरी खुशी मिली। हॉकी में कांस्य के बाद नीरज चोपड़ा की कामयाबी ने पेरिस ओलंपिक में देश की चांदी करा दी। नीरज ने भाला फेंक में सत्र की सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.45 मीटर के साथ रजत पदक जीता। वहीं, हरमनप्रीत सिंह की टीम ने स्पेन को 2-1 से हराकर लगातार दूसरे ओलंपिक में कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों गोल हरमनप्रीत ने किए।
भाला फेंक व हॉकी में लगातार दूसरे ओलंपिक में सफलता
नीरज लगातार दो ओलंपिक में पदक जीतने वाले एथलीट बन गए। उनसे पहले सुशील कुमार, पीवी सिंधू और मनु भाकर ने ओलंपिक में दो पदक जीते हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में 87.58 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता था। यहां टोक्यो से श्रेष्ठ प्रदर्शन के बावजूद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इसका कारण पाकिस्तान के अरशद नदीम रहे, जिन्होंने 92.97 मीटर दूर भाला फेंककर नए ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता।
हॉकी में यह भारत का ओलंपिक में कुल 13वां पदक है। भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में अब तक आठ स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य पदक जीते हैं। टोक्यो ओलंपिक में भारत को हॉकी में 41 वर्ष बाद पदक मिला था।
छह में से एक थ्रो रही सही
भाला फेंक मुकाबलों का दूसरा दौर बेहद नाटकीय रहा। यहां अरशद ने 90 मीटर की दूरी पार की। इसके बाद नीरज ने दबाव के बावजूद 89.45 मीटर भाला फेंका। उन्होंने क्वालिफाइंग दौर में 89.34 मीटर दूर भाला फेंका था। नीरज को छह थ्रो फेंकने का मौका मिला, पर दूसरा थ्रो ही सही रहा। बाकी सभी थ्रो उनकी फाउल रहीं। ग्रेनाडा के एंडर्सन ने 88.54 मीटर के साथ कांस्य जीता।
नीरज पांचवें मल्टीपल मेडलिस्ट भारतीय
नीरज चोपड़ा एक से ज्यादा इंडिविजुअल ओलिंपिक मेडल जीतने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 2020 टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता था। उन्होंने भारत को ओलंपिक में पांचवां सिल्वर मेडल दिलाया। यह हमारा कुल 40वां मेडल है। उनसे पहले रनर नॉर्मन प्रिचार्ड ने पेरिस 1900 में दो सिल्वर, रेसलर सुशील कुमार ने 2008 बीजिंग में ब्रॉन्ज व 2012 लंदन में सिल्वर, शटलर पीवी सिंधु ने 2016 रियो में सिल्वर व 2020 टोक्यो में ब्रॉन्ज और शूटर मनु भाकर ने 2024 पेरिस में दो ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए।
पीएम बोले-उत्कृष्टता की प्रतिमूर्ति हैं नीरज
नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता की प्रतिमूर्ति हैं। उन्होंने बार-बार अपनी चमक दिखाई है। रजत जीतने के लिए उन्हें बधाई।