ब्लिट्ज ब्यूरो
इम्फाल। मणिपुर में शांति और स्थिरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। विगत दिवस प्रतिबंधित संगठन कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वॉर ग्रुप- केसीपी पीडब्ल्यूजी) के 46 सक्रिय कैडरों ने इम्फाल पूर्व जिले के मणिपुखरी गैरीसन स्थित असम राइफल्स मुख्यालय (दक्षिण) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
इस कार्यक्रम में गृह मंत्री तथा कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री के अलावा कई वरिष्ठ सरकारी और सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे। इनमें विधायक, मुख्य सचिव, मणिपुर सरकार के सुरक्षा सलाहकार, स्पीयर कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग, मणिपुर पुलिस के डीजीपी, आईजी असम राइफल्स (दक्षिण), गृह आयुक्त, डीआईजी सीआरपीएफ व राज्य प्रशासन, सुरक्षा बलों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे।
मुख्यधारा के नागरिक जीवन को अपनाने का फैसला करते हुए इन 46 कैडरों ने 28 आधुनिक और विभिन्न प्रकार के हथियार भी जमा कराए। इनमें एके राइफल, .303 राइफल, पिस्तौल, डबल बैरल, सिंगल बैरल व इंसास राइफल, सेल्फ लोडिंग राइफल, कार्बाइन मशीन गन और रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड लॉन्चर शामिल थे। इसके अलावा बड़ी मात्रा में मैगजीन, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री भी सौंपी गई।











