नई दिल्ली। देशभर के केंद्रीय विद्यालयों में कॉन्ट्रैक्चुअल टीचर और स्टाफ बनने का सपना देखने वाले उम्मीदवारों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) ने अब तक चली आ रही पुरानी और बिखरी हुई भर्ती व्यवस्था को पूरी तरह बदलते हुए एक नया केंद्रीकृत ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च कर दिया है, जिसका नाम है संविदा साथी पोर्टल। इस पोर्टल के जरिए अब उम्मीदवारों को हर स्कूल में अलग-अलग आवेदन करने की झंझट से पूरी तरह छुटकारा मिल जाएगा।
क्या है केवीएस संविदा साथी पोर्टल
केंद्रीय विद्यालय संगठन ने यह पोर्टल samvida-sathi.kvs.gov.in पर लॉन्च किया है, जिसका मकसद कॉन्ट्रैक्चुअल टीचिंग और नॉन-टीचिंग पदों की भर्ती को आसान बनाना है ताकि केंद्रीय विद्यालय में अस्थायी शिक्षक और स्टाफ के रूप में काम करना चाहने वाले उम्मीदवार एक ही ऑनलाइन प्रोफाइल बनाकर आवेदन कर सकें। पहले जो व्यवस्था थी उसमें हर स्कूल अपने स्तर पर अलग प्रक्रिया अपनाता था, जिसकी वजह से अक्सर कन्फ्यूजन और दोहराव की स्थिति बन जाती थी, इसीलिए केवीएस ने इस असमानता को खत्म करने के मकसद से केंद्रीकृत सिस्टम की ओर कदम बढ़ाया। सबसे अहम बात यह है कि 2026-27 शैक्षणिक सत्र से किसी भी तरह की ऑफलाइन या स्वतंत्र रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया मान्य नहीं होगी, यानी अब सभी उम्मीदवारों के लिए इस पोर्टल से गुजरना अनिवार्य कर दिया गया है।
किन पदों के लिए होगी भर्ती
इस पोर्टल के जरिए पीजीटी, टीजीटी, पीआरटी, कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर, स्पेशल एजुकेटर, काउंसलर, स्पोर्ट्स कोच जैसे कई टीचिंग और नॉन-टीचिंग कॉन्ट्रैक्चुअल पदों के लिए उम्मीदवारों को रजिस्टर किया जाएगा, प्रोफाइल बनाई जाएगी और वे वेकेंसी के लिए आवेदन कर सकेंगे साथ ही अपने आवेदन का स्टेटस भी ट्रैक कर पाएंगे। इसके अलावा योग शिक्षक, नर्स जैसे पदों पर भी इसी पोर्टल के जरिए भर्तियां होंगी। पद के अनुसार योग्यता अलग-अलग रखी गई है। 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, नेट, पीएचडी जैसी शैक्षणिक योग्यताओं के आधार पर उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। किसी भी तरह की आवेदन फीस नहीं रखी गई है, यानी जनरल, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग सभी वर्गों के लिए यह पूरी तरह निःशुल्क है।
उम्र सीमा को लेकर जरूरी बात
गौर करने वाली बात यह है कि केवीएस ने हर कॉन्ट्रैक्चुअल पद के लिए एक समान उम्र सीमा तय नहीं की है, बल्कि अलग-अलग केंद्रीय विद्यालय अपनी भर्ती सूचना में खुद उम्र से जुड़ी शर्तें तय कर सकते हैं। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन से पहले संबंधित स्कूल की ओर से जारी विज्ञापन को अवश्य पढ़ें।
पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया काफी सरल रखी गई है। उम्मीदवार नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पासवर्ड जैसी बुनियादी जानकारी देकर अकाउंट बना सकते हैं और उसके बाद लॉगिन करके प्रोफाइल पूरी कर सकते हैं। इसके बाद फोटो, सिग्नेचर सहित जरूरी दस्तावेज स्कैन करके अपलोड करने होंगे। आवेदन जमा करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड या प्रिंट जरूर कर लें। चयन प्रक्रिया की बात करें तो इसमें कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। सबसे पहले स्कूल पोर्टल पर मौजूद प्रोफाइल की छंटनी करेंगे, फिर शॉर्टलिस्ट हुए उम्मीदवारों को वॉक-इन इंटरव्यू और टीचिंग डेमो के लिए बुलाया जाएगा, और अंत में मेरिट लिस्ट यानी पैनल तैयार कर वेकेंसी के हिसाब से उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा।
तकनीकी दिक्क त हो तो यहां करें संपर्क
अगर किसी उम्मीदवार को पोर्टल के सामान्य उपयोग को लेकर कोई सवाल है तो उसे संबंधित केंद्रीय विद्यालय से संपर्क करना चाहिए लेकिन अगर लॉगिन में दिक्क त आ रही है, फॉर्म सबमिट नहीं हो रहा या डॉक्यूमेंट अपलोड में एरर आ रहा है, तो samagamhelpdesk@kvs. gov.in पर ईमेल किया जा सकता है। यह सुविधा सोमवार से शुक्रवार, सुबह 9:30 से शाम 5:30 बजे तक उपलब्ध रहती है।














