झुमरीतिलैया (कोडरमा)। पूर्व मध्य रेल के नए जीएम डिम्पी गर्ग के पदभार ग्रहण करने के साथ ही कोडरमा समेत उत्तरी छोटानागपुर के कई जिलों के लोगों में लंबित रेल परियोजनाओं को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।
विशेष रूप से झारखंड और बिहार को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कोडरमा-तिलैया रेल परियोजना के इस वर्ष के अंत तक शुरू होने की संभावना से क्षेत्रवासियों में उत्साह है। इसके चालू होने से राजगीर और पटना जाने वाले यात्रियों को नया और अपेक्षाकृत कम दूरी वाला रेल मार्ग मिल सकेगा।
लोगों को उम्मीद है कि नए महाप्रबंधक के अनुभव और कार्यकुशलता से कोडरमा-हजारीबाग टाउन-बड़काकाना रेलखंड के दोहरीकरण की योजना को गति मिलेगी। साथ ही कोडरमा-कावर-मधुपुर रेल लाइन के दोहरीकरण की दिशा में भी ठोस पहल होने की अपेक्षा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से रेल संपर्क मजबूत होने के साथ यात्री सुविधाओं और माल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, कोडरमा स्टेशन पर बनकर तैयार नए भवन का उद्घाटन भी लंबे समय से प्रतीक्षित है। इसका शुभारंभ मार्च में प्रस्तावित था।
ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि नए महाप्रबंधक के कार्यकाल में स्टेशन भवन जल्द जनता को समर्पित होगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने से कोडरमा समेत पूरे उत्तरी छोटानागपुर के विकास को नई गति मिलेगी।














