ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। एआई स्टार्टअप ‘सरवम’ ने शशिकुमार श्रीधरन को कंपनी का अध्यक्ष एवं मुख्य व्यवसाय अधिकारी (चीफ बिजनेस आफिसर) नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें कंपनी के निदेशक मंडल में भी शामिल किया गया है। शशिकुमार कंपनी के उद्यमों एवं सरकारी क्षेत्र से जुड़े व्यावसायिक कार्यों का नेतृत्व करेंगे। इसके अलावा डिजिटल-नेटिव कंपनियों, डेवलपर्स और कारोबारी साझेदारों के साथ कंपनी के सहयोग का विस्तार करने की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
कंपनी में वह मार्केटिंग, वित्त, फॉरवर्ड डिप्लॉयड इंजीनियरिंग, सेवा वितरण और वाणिज्यिक परिचालन जैसे महत्वपूर्ण विभागों का भी नेतृत्व करेंगे।
शशिकुमार इससे पहले गूगल क्लाउड में कार्यरत थे, जहां उन्होंने हाल ही में भारत के प्रबंध निदेशक (मैनेजिंग डायरेक्टर) के रूप में जिम्मेदारी निभाई। उन्हें प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कारोबार खड़ा करने और उसका नेतृत्व करने का तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। इससे पूर्व वह पांच साल से अधिक समय तक माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के एंटरप्राइज बिजनेस के प्रबंध निदेशक रहे।
शशिकुमार ऐसे समय में ‘सरवम’ से जुड़े हैं, जब कंपनी का अपने ग्राहकों के साथ कामकाज लगातार व्यापक और बड़े स्तर पर पहुंच रहा है। वर्तमान में 100 से अधिक उद्यम और सरकारी संस्थान सारवम के फुल-स्टैक तकनीकी समाधान के माध्यम से अपने प्रोजेक्ट विकसित कर रहे हैं।
कंपनी के अनुसार, ‘सरवम’ का अगला चरण अपने अनुसंधान को आगे बढ़ाने, दुनिया भर के लोगों की पसंद बनने वाले उत्पाद विकसित करने और बड़े पैमाने पर काम करने में सक्षम संगठन के रूप में कंपनी का विस्तार करने पर केंद्रित होगा।
‘सरवम’ का मानना है कि प्रत्येक उद्यम के पास अपनी स्वयं की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व्यवस्था होनी चाहिए। इसके तहत डेटा, एआई मॉडल और एजेंट्स उद्यम के अपने नियंत्रण में रहने चाहिए, ताकि उनसे उत्पन्न होने वाला मूल्य भी उसी के पास सुरक्षित रहे। कंपनी के अनुसार, अत्याधुनिक अनुसंधान और उद्यमों के लिए मूल्य सृजन के बीच परस्पर पूरक संबंध है। उद्योग जगत की आवश्यकताएं अनुसंधान को नई दिशा और गति देती हैं, जबकि अनुसंधान में होने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धियां नए उद्योगों के विकास की नींव तैयार करती हैं।
अपनी नियुक्ति पर श्रीधरन ने कहा, भारत को ऐसी तकनीक और बुद्धिमत्ता का निर्माता बनना चाहिए, जिस पर पूरी दुनिया की व्यवस्था संचालित हो। ‘सरवम’ से जुड़ना मेरे लिए प्रतिबद्धता का प्रतीक है।














