गुलशन वर्मा
नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक 2024 भारत के लिए मिला-जुला रहा। भारतीय एथलीट्स ने यहां कुल 6 मेडल जीते। कुल 117 भारतीय खिलाड़ी इस बार के ओलंपिक में हिस्सा लेने के लिए पेरिस पहुंचे थे।
भारत के 6 में से 5 ब्रॉन्ज और 1 सिल्वर मेडल है। सिल्वर मेडल नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो में जीता। हालांकि इस बार भारत के खाते में कोई गोल्ड नहीं आया। इससे पहले टोक्यो में हुए ओलंपिक में भारत के खाते में 1 गोल्ड मेडल भी आया था। भारत ने टोक्यो ओलंपिक में कुल 7 मेडल जीते थे, जो एक ओलंपिक में भारत का सर्वाधिक नंबर था।
पेरिस में किन खेलों में भारत ने जीते मेडल
10 मीटर एयर पिस्टल- मनु भाकर : पेरिस ओलंपिक में भारत को पहला मेडल (ब्रॉन्ज) वुमेंस 10 मीटर एयर पिस्टल के सिंगल इवेंट में मिला था। मनु भाकर ने भारत के लिए यह मेडल जीता था। भाकर ने कुल दो मेडल जीते थे। मनु ने दूसरा मेडल 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में जीता था। वहीं मनु के हाथ के 25 मीटर वुमेंस पिस्टल के इवेंट में निराशा लगी था, जहां चौथे नंबर पर फिनिश किया था। इस तरह वह अपने तीसरे मेडल से चूक गई थीं।
10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम- मनु भाकर और सरबजोत सिंह
10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में भारत को दूसरा मेडल मिला था। इस टीम में मनु भाकर और सरबजोत सिंह शामिल थे।
स्वप्निल कुसाले- 50 मीटर राइफल 3पी
शूटिंग : भारत को तीसरा मेडल (ब्रॉन्ज) भी शूटिंग में ही मिला था। स्वप्निल ने 50 मीटर राइफल 3पी इवेंट में ब्रॉन्ज जीता था। स्वप्निल इवेंट में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने थे।
हॉकी टीम : भारतीय हॉकी टीम ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीता था। टीम ने भारत के खाते में चौथा मेडल डाला। मैच में स्पेन को 2-1 से हराया था।
नीरज चोपड़ा- जैवलिन थ्रो : भारत को पेरिस ओलंपिक का पांचवां मेडल नीरज चोपड़ा ने दिलवाया। नीरज ने जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल पर कब्जा किया था। टोक्यो ओलंपिक में नीरज ने गोल्ड मेडल जीता था।
अमन सहरावत : भारत के खाते में छठा मेडल पुरुष पहलवान अमन सहरावत ने डाला था। अमन ने कुश्ती के 57 किलोग्राम कैटेगिरी में ब्रॉन्ज जीता।