ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। हायर एजुकेशन के लिए जब भी किसी देश को चुनने की बात होती थी, तो ज्यादातर स्टूडेंट्स को कनाडा काफी पसंद आता था। कोविड महामारी के समय से ही भारतीय स्टूडेंट्स की संख्या कनाडा में तेजी से बढ़ी। मगर अब ऐसा लग रहा है कि भारतीय स्टूडेंट्स कनाडा में पढ़ाई नहीं करना चाहते। उनका कनाडा में हायर एजुकेशन हासिल करने से मोहभंग हो चुका है और अब वे अन्य देशों का रुख कर रहे हैं। भारतीय छात्रों ने कनाडा को नहीं चुनने के पीछे कई सारी वजहें भी बताई हैं।
नए सख्त नियम
ग्लोब एंड मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब यूनिवर्सिटी (चंडीगढ़) में बायोकैमिस्ट्री की छात्रा मुस्कान ठाकुर (22 वर्ष) 2028 में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद नॉर्वे जाने की योजना बना रही हैं। विदेश में पढ़ाई के लिए सोच-समझकर बजट बनाने वाले भारतीय परिवार अब कनाडा की तुलना जर्मनी, इटली और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से कर रहे हैं। भारतीय स्टूडेंट्स और उनके परिजनों को लग रहा है कि कनाडा में जितना पढ़ाई पर पैसा खर्च होगा, उसकी तुलना में यूरोपीय देश किफायदी डिग्री ऑफर कर रहे हैं।
नियमों में बदलाव और राजनीतिक तनाव का असर
मुस्कान ठाकुर का कहना है, ‘मैं कनाडा जाना चाहती थी, लेकिन विदेशी छात्रों से जुड़ी नीतियों में हालिया बदलाव, वीजा पर लगी पाबंदी और पढ़ाई के बाद काम करने के मौकों ने मुझे अपने ऑप्शन पर दोबारा सोचने पर मजबूर कर दिया।’ कनाडा में हायर एजुकेशन को लेकर काफी बदलाव हुए हैं, जो चर्चा का विषय बने हैं। खासतौर पर उन लोगों के बीच जो कनाडा में अपना पढ़ाई के बाद भविष्य देख रहे थे।
दरअसल, 2024 में सिख अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद भारत और कनाडा के रिश्ते काफी ज्यादा बिगड़ गए। हालांकि, अब संबंधों को सुधारने की कोशिश हो रही है। सीईपीए जैसे व्यापारिक समझौते पर बातचीत भी चल रही है, लेकिन इससे छात्रों के बीच बनी अनिश्चितता खत्म नहीं हुई है। ऊपर से भारतीय छात्रों पर हमलों और उनके साथ हुई घटनाओं ने स्टूडेंट के साथ-साथ पैरेंट्स के बीच भी डर का माहौल पैदा कर दिया है।
स्टूडेंट्स का क्या कहना है?
रोहन सावंत मुंबई के नरसी मोंजी कॉलेज के स्टूडेंट हैं। उनका प्लान था कि वह टॉरंटो की यॉर्क यूनिवर्सिटी से बीबीए करेंगे। फिलहाल भारतीय स्टूडेंट्स के साथ कनाडा में हुई घटनाओं की वजह से उन्होंने अपना प्लान टाल दिया है। इसी तरह से पढ़ाई के बाद जॉब को लेकर अनिश्चितता को देखते हुए चंडीगढ़ की बायोफिजिक्स छात्रा रिदम कालिया भी कनाडा नहीं जाना चाहतीं। उनका कहना है कि हाई स्कूल से ही मेरा कनाडा में पढ़ने का सपना था, लेकिन वीजा पाबंदियों और भारतीयों पर हुए हमलों की घटनाओं ने मेरा इरादा बदल दिया। मेरे पैरेंट्स ने भी यही सलाह दी कि मैं ग्रेजुएशन की पढ़ाई मुंबई में ही पूरी करूं और हायर एजुकेशन के लिए यूरोप या ब्रिटेन जाऊं।
रिदम कालिया ने कहा कि वह कनाडा के बजाय अमेरिका जाना पसंद करेंगी, क्योंकि वहां रिसर्च और करियर के ज्यादा बेहतर ऑप्शन हैं। उन्होंने कहा, ‘वैसे तो कनाडा में एजुकेशन और एक्सपोजर के अच्छे मौके हैं, लेकिन विदेश में पढ़ाई करना एक बड़ा इन्वेस्टमेंट है। बिना भविष्य की सुरक्षा के स्टूडेंट सतर्क रुख अपना रहे हैं। मैं बस ये सुनिश्चित करना चाहती हूं कि मिलने वाले अवसर मेरे निवेश और कोशिशों के लायक हों।’
मैं अपनी डिग्री के लिए सालों की मेहनत करने के बाद करियर या पढ़ाई पूरी होने के बाद रुकने को लेकर अनिश्चितता नहीं चाहती। अगर मुझे मास्टर डिग्री के बाद सही नौकरी नहीं मिली, तो इससे मेरी प्लानिंग और फाइनेंशियल स्थिति प्रभावित होगी। इसे ध्यान में रखते हुए ही अब मैंने नॉर्वे का ऑप्शन चुना है।
– मुस्कान ठाकुर (कॉलेज स्टूडेंट, पंजाब यूनिवर्सिटी)।
मुस्कान का कहना है कि अगर कनाडा इमिग्रेशन नीतियों में पारदर्शिता लाए, सुरक्षा बेहतर करे और पार्ट-टाइम काम के परमिट आसान बनाए, तो वे इस पर दोबारा सोच सकती हैं। ठीक ऐसा ही कई सारे स्टूडेंट्स का सोचना है, जो कनाडा को हायर एजुकेशन के लिए एक बेहतर ऑप्शन मानते आए हैं।
आंकड़ों के जरिए कनाडा की स्थिति समझें
2024 में कनाडा ने स्टूडेंट वीजा के लिए जरूरी न्यूनतम बैंक बैलेंस 10 हजार डॉलर से बढ़ाकर 20 हजार डॉलर से ज्यादा कर दिया। इस वजह से मिडिल क्लास परिवारों के लिए अपने बच्चों को कनाडा भेजना मुश्किल हो चुका है। आईसीईएफ मॉनिटर के अनुसार, भारतीय छात्रों के लिए स्टडी वीजा रिजेक्ट होने की दर 2023 में 38% थी, जो 2024 में बढ़कर 52% हो गई।
मुंबई की ‘जीबी एजुकेशन’ के अनुसार, महंगाई, रहने के बढ़ते खर्च और सुरक्षा चिंताओं के कारण कनाडा जाने के लिए आने वाली पूछताछ में 80% की कमी दर्ज की गई है। कंसल्टेंट्स का कहना है कि जो परिवार पहले पूछते थे कि कनाडा कैसे जाएं, अब वे पूछते हैं कि क्या कनाडा जाना सही रहेगा?














