ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। कोलंबिया के बुकारामांगा में आयोजित 56वें इंटरनेशनल फ़िज़िक्स ओलंपियाड 2026 में पांच भारतीय छात्रों ने गोल्ड मेडल जीते हैं।
गोल्ड मेडल जीतने वालों में पुणे के कनिष्क जैन, इंदौर के रिद्धेश अनंत बेंडले, नई दिल्ली के ऋषित गर्ग, मुंबई के श्रेष्ठ सुरैया और अहमदाबाद के स्वरित जोशी शामिल हैं।
इस उपलब्धि के साथ, भारत ने 87 देशों के 381 छात्रों के बीच रूस, चीन, कजाकिस्तान, दक्षिण कोरिया और ताइवान के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया।
यह शानदार प्रदर्शन भारत के ओलंपियाड प्रोग्राम की मजबूती को दर्शाता है, जिसका नेतृत्व टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च के नेशनल सेंटर, होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन ने किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच गोल्ड मेडल जीतने पर भारतीय दल को बधाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, पीएम ने कहा कि यह उपलब्धि देश की युवा शक्ति की असीम क्षमता और विज्ञान व रिसर्च के प्रति उनके जुनून का एक और उदाहरण है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह बात भी उतनी ही सराहनीय है कि भारतीय छात्रों ने पिछले एक दशक में ओलंपियाड के विभिन्न संस्करणों में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. अजीत कुमार मोहंती ने भी मेडल विजेताओं को बधाई दी और उनकी शानदार उपलब्धि को देश के लिए बेहद गर्व की बात बताया।













