ब्लिट्ज ब्यूरो
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (डब्ल्यूजीसी) ने बताया है कि इस साल भारत में सोने की मांग छह साल के निचले स्तर पर आ सकती है। इसकी वजह सोने की ऊंची कीमतें हैं, जिनका असर आभूषणों की बिक्री और निवेश की मांग पर पड़ रहा है। चीन के बाद भारत दुनिया का सबसे बड़ा सोने का उपभोक्ता है। देश को ईरान युद्ध के कारण बढ़ती महंगाई का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कमजोर मानसून की वजह से ग्रामीण इलाकों में आभूषणों की मांग कम हो सकती है।
डब्ल्यूजीसी के भारतीय परिचालन के मुख्य कार्यकारी सचिन जैन ने मीडिया को बताया कि साल के पहले नौ महीनों में आभूषणों की मांग में गिरावट आई है। इससे कुल मांग घटकर लगभग 650 मीट्रिक टन रह जाएगी, जो 2020 के बाद का सबसे निचला स्तर है। 2020 में कोविड-19 महामारी के कारण आभूषणों की दुकानें बंद करनी पड़ी थीं।
सितंबर तिमाही में सोने की मांग सालाना आधार पर 29 प्रतिशत घटकर 162.5 मीट्रिक टन रह गई, क्योंकि आभूषणों की खरीद में 20 प्रतिशत और निवेश की मांग में 40 प्रतिशत की गिरावट आई।
जैन ने बताया कि सितंबर तिमाही में सोने की मांग सालाना आधार पर 29% गिरकर 162.5 मीट्रिक टन रह गई। इसमें आभूषणों की खरीद में 20% और निवेश की मांग में 40% की गिरावट आई है।
उन्होंने कहा कि दिसंबर तिमाही में मांग में सुधार होने की उम्मीद है, क्योंकि दिवाली जैसे प्रमुख त्योहारों और शादी के सीजन के कारण लोग सोना खरीद सकते हैं।
भारत में लोगों ने अक्टूबर में दशहरा और नवंबर की शुरुआत में दिवाली मनाई, जिस दौरान सोना खरीदना शुभ माना जाता है लेकिन डब्ल्यूजीसी की 3 नवंबर को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, ऊंची कीमतों और कमजोर मानसून के कारण ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुस्ती है, जिससे सोने की मांग सीमित रह सकती है।
भारत में सोने की आधी से ज्यादा मांग ग्रामीण इलाकों से आती है, जहां लाखों लोगों के लिए आभूषण धन संचय का एक पारंपरिक जरिया हैं।
2026 में मानसून के दौरान एक दशक से भी अधिक समय में सबसे कम बारिश हुई, जिससे कृषि उत्पादन पर असर पड़ा और किसानों की आय कम हो गई।
जैन ने बताया कि सितंबर तिमाही में भारत का सोने का आयात कम हुआ है। इसका एक कारण यह भी है कि सरकार द्वारा इस साल की शुरुआत में सोने पर आयात शुल्क बढ़ाने के बाद, अनौपचारिक तरीके से सोने का आना बढ़ गया है।













