जीएसटी अनुपालन को सरल बनाने और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ (व्यापार करने में आसानी) को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेस एंड कस्टम्स (सीबीआईसी) ने जीएसटी रजिस्ट्रेशन रद्द करने के लिए एक सिस्टम-आधारित प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत, पात्र करदाता जीएसटी पोर्टल के जरिए इलेक्ट्रॉनिक रूप से अपना रजिस्ट्रेशन रद करवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें संबंधित टैक्स अधिकारी से मैन्युअल मंजूरी लेने की जरूरत नहीं होगी। इस सुधार का उद्देश्य प्रक्रिया में होने वाली देरी को कम करना, विभागीय हस्तक्षेप को न्यूनतम करना और जीएसटी रजिस्ट्रेशन सिस्टम से तेजी से बाहर निकलने की सुविधा देना है।
यह बदलाव 8 अक्टूबर को हुई 57वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में सुझाए गए रजिस्ट्रेशन रद करने से जुड़े सुधारों के पहले चरण को लागू करता है।
संशोधित नियम 20 (1) के तहत, यदि कोई पंजीकृत व्यक्ति सीजीएसटी एक्ट, 2017 की धारा 29 (1) के अंतर्गत अपना जीएसटी रजिस्ट्रेशन रद कराना चाहता है, तो उसे रजिस्ट्रेशन रद करने की वजह बनने वाली घटना के 30 दिनों के भीतर ‘फॉर्म जीएसटी आरईजी-16’ में इलेक्ट्रॉनिक रूप से आवेदन जमा करना होगा। आवेदन में स्टॉक में मौजूद इनपुट, अर्ध-निर्मित माल, तैयार माल और पूंजीगत वस्तुओं का विवरण देना होगा। साथ ही, लागू टैक्स देनदारी और किए गए भुगतान का ब्योरा भी देना होगा। हालांकि, किसी एकल मालिक की मृत्यु होने की स्थिति में, 30 दिनों के भीतर आवेदन करने की यह शर्त लागू नहीं होगी।
सिस्टम-आधारित जीएसटी रजिस्ट्रेशन रद करने की सुविधा से मानवीय हस्तक्षेप कम होने, आवेदनों की प्रोसेसिंग तेज होने, पारदर्शिता बढ़ने और अपना कामकाज बंद करने या जीएसटी रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने वाले व्यवसायों के लिए अनुपालन लागत कम होने की उम्मीद है।
आवेदन जमा करने के लिए पूर्व-शर्त
महत्वपूर्ण बात यह है कि संशोधित नियम 20 (2) के अनुसार, रजिस्ट्रेशन रद्द करने का आवेदन जमा करने के लिए लंबित जीएसटी रिटर्न दाखिल करना एक अनिवार्य पूर्व-शर्त है। करदाताओं को आवेदन की तारीख तक, संबंधित अवधि के लिए सभी जरूरी रिटर्न दाखिल करने होंगे, जिसमें ‘फॉर्म जीएसटी सीएमपी-08’ में दिए जाने वाले स्टेटमेंट भी शामिल हैं (जहां लागू हो)।
खास बात यह है कि अगर रजिस्ट्रेशन की तारीख से लेकर आवेदन जमा करने की तारीख तक किसी भी महीने में आउटपुट टैक्स देनदारी ₹2.5 लाख से अधिक नहीं है, तो रजिस्ट्रेशन अपने आप (ऑटोमैटिक तरीके से) रद हो सकता है। यह सीमा पूरी रजिस्ट्रेशन अवधि के दौरान हर महीने के लिए लागू होती है, न कि कुल मिलाकर ₹2.5 लाख की सीमा है।
संशोधित नियमों में उन करदाताओं को भी राहत दी गई है, जिनकी रजिस्ट्रेशन के बाद किसी भी महीने में आउटपुट टैक्स देनदारी ₹2.5 लाख से अधिक हो गई थी। नियम 20(5)(बी) के तहत, ऐसे करदाता ‘सिस्टम-आधारित रद्दीकरण’ के पात्र हो सकते हैं, बशर्ते वे नियम 20(3) में बताए गए बाकी रिटर्न (जहां लागू हो) जमा करने की नियत तारीख के तीन दिनों के भीतर फॉर्म जीएसटीआर-10 दाखिल कर दें, और अन्य सभी निर्धारित अनुपालन तथा भुगतान की शर्तें पूरी कर ली गई हों। इस प्रकार, केवल ₹2.5 लाख की सीमा पार कर लेने से ही कोई करदाता ‘स्वचालित रद्दीकरण’ की प्रक्रिया से स्थायी रूप से बाहर नहीं हो जाता।
गौरतलब है कि संशोधित नियम 20(12) प्रक्रियात्मक देरी से बचाव का प्रावधान करता है। यदि सक्षम अधिकारी जांच के लिए भेजी गई अर्जी मिलने के 15 दिनों के भीतर, या करदाता का जवाब मिलने के 15 दिनों के भीतर (जो भी लागू हो) कोई कार्रवाई नहीं करते हैं, तो रद्दीकरण की अर्जी को मंजूर मान लिया जाएगा। इसकी सूचना इलेक्ट्रॉनिक रूप से फॉर्म जीएसटी आरईजी-19 में दी जाएगी। उम्मीद है कि यह कानूनी व्यवस्था अधिक स्पष्टता लाएगी और रद्दीकरण अर्जियों के अनावश्यक रूप से लंबित रहने की समस्या को कम करेगी।
लागू देनदारियों का निपटान
जीएसटी रजिस्ट्रेशन रद्द होने से, रजिस्ट्रेशन रद होने से पहले की अवधि से जुड़ी कोई भी बकाया टैक्स देनदारी या कानूनी बाध्यता खत्म नहीं होती है। करदाता लागू देनदारियों को चुकाने के लिए जिम्मेदार बने रहते हैं। इसमें सीजीएसटी अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के अनुसार, क्लोजिंग स्टॉक और कैपिटल गुड्स से उत्पन्न होने वाली देनदारियां भी शामिल हैं।
सिस्टम-आधारित जीएसटी रजिस्ट्रेशन रद करने की सुविधा से मानवीय हस्तक्षेप कम होने, आवेदनों की प्रोसेसिंग तेज होने, पारदर्शिता बढ़ने और अपना कामकाज बंद करने या जीएसटी रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने वाले व्यवसायों के लिए अनुपालन लागत कम होने की उम्मीद है। ऑटोमैटिक तरीके से रजिस्ट्रेशन रद्द करने की प्रक्रिया को समय पर रिटर्न दाखिल करने और कानूनी बकाया चुकाने से जोड़कर, यह नया ढांचा एक अधिक कुशल, तकनीक-संचालित और करदाता-अनुकूल जीएसटी प्रशासन को बढ़ावा देता है।
यह सुधार जीएसटी अनुपालन को सरल बनाने, ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ (व्यापार करने में आसानी) को बढ़ावा देने और करदाता सेवाओं में ऑटोमेशन बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करता है कि टैक्स भुगतान और बकाया देनदारियों से जुड़े कानूनी सुरक्षा उपाय बने रहें।
₹2.5 लाख की सीमा, नियम 20(5)(ए) में बताए अनुसार, रजिस्टर्ड व्यक्तियों को की गई विशिष्ट आपूर्ति पर मासिक आउटपुट टैक्स देनदारी से संबंधित है। यह ₹2.5 लाख के टर्नओवर की सीमा नहीं है। जो करदाता इस सीमा से ऊपर हैं, वे भी फॉर्म जीएसटीआर-10 से जुड़ी शर्तों और अन्य कानूनी आवश्यकताओं को पूरा करके अपना रजिस्ट्रेशन ऑटोमैटिक तरीके से रद करवा सकते हैं।
स्वैच्छिक रूप से रजिस्ट्रेशन रद करने के लिए सिस्टम-आधारित यह व्यवस्था 1 नवंबर, 2026 से लागू हो गई है। यह उस अलग सिस्टम-आधारित व्यवस्था से भिन्न है, जो नियमों का पालन न करने के मामलों में रजिस्ट्रेशन रद करने और उसे बहाल करने से संबंधित है और 1 अप्रैल, 2027 से लागू होगी।













