नई दिल्ली। पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री पूरी करने के बाद यदि आपकी दिलचस्पी रिसर्च में है, तो फिर पीएचडी करना आपके लिए सबसे बढ़िया हो सकता है। डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी यानी पीएचडी को पूरा होने में 4 से 12 साल तक का समय लग सकता है लेकिन पीएचडी करते वक्त सबसे ज्यादा टेंशन इस दौरान होने वाले खर्चों को लेकर होती है।
पीएचडी स्टूडेंट के रूप में रिसर्च करते वक्त कहीं सैलरी मिलती है, तो कहीं स्टाइपेंड। स्टूडेंट को क्लास लेने, लैब का काम संभालने या मरीजों की देखभाल करने जैसे कामों के लिए स्कूलों और यूनिवर्सिटीज द्वारा काम पर रखा जाता है। ऐसे में आइए आज उन टॉप-5 देशों के बारे में जानते हैं, जहां पीएचडी करने पर सबसे ज्यादा स्टाइपेंड दिया जाता है।
स्वीडन: स्टडी इंटरनेशनल के मुताबिक, इस लिस्ट में पांचवें पायदान पर स्वीडन का नाम आता है। यहां पर औसत पीएचडी स्टाइपेंड 42,618 डॉलर (लगभग ₹40.80 लाख) है, जबकि स्वीडन में रहने का खर्च 2,264 डॉलर (लगभग ₹2.16 लाख प्रति माह) है। स्वीडन को इसके इनोवेशन के लिए जाना जाता है। ब्लीकिंग इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, चाल्मर्स यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, डलारना यूनिवर्सिटी, हाल्मस्टैड यूनिवर्सिटी और जोंकोपिंग यूनिवर्सिटी यहां पढ़ने के लिए बेस्ट हैं।
डेनमार्क : यूरोपीय देश डेनमार्क भी पीएचडी के लिए अच्छा माना जाता है। यहां पर औसत पीएचडी स्टाइपेंड 53,436 डॉलर (लगभग ₹51.14 लाख) है। देश का सोशल वेलफेयर सिस्टम ऐसा है, जिससे स्टाइपेंड के जरिए आराम से सभी खर्चे कवर हो जाते हैं। कोपेनहेगन यूनिवर्सिटी, टेक्निकल यूनिवर्सिटी ऑफ डेनमार्क, आरहूस यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न डेनमार्क और आलबर्ग यूनिवर्सिटी में पीएचडी की जा सकती है।
फिनलैंड: फिनलैंड अपने हाई-क्वालिटी एजुकेशन सिस्टम के लिए जाना जाता है, जो शुरुआती वर्षों से लेकर डॉक्टोरल लेवल तक फैली हुई है। यह दुनिया का सबसे खुशहाल देश भी है। यहां मिलने वाली औसत पीएचडी स्टाइपेंड की बात करें तो वह 46,537 डॉलर (लगभग ₹44.54 लाख) है। हेलसिंकी यूनिवर्सिटी, आल्टो यूनिवर्सिटी, ओउलू यूनिवर्सिटी, टेम्पेरे यूनिवर्सिटी और टुर्कू यूनिवर्सिटी पीएचडी के लिए बेस्ट है।
नीदरलैंड : अगर आप नीदरलैंड में पीएचडी करना चाहते हैं, तो आपको 74,163 डॉलर (लगभग ₹70.99 लाख) तक की स्टाइपेंड मिल सकता है। यहां पर रहने का खर्च भी कम है, जिससे स्टाइपेंड से ही पैसे भी बचाए जा सकते हैं। नीदरलैंड को रिसर्च पब्लिशिंग वाले देशों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर रखा गया है। एम्स्टर्डम यूनिवर्सिटी, लीडेन यूनिवर्सिटी, ग्रोनिंगन यूनिवर्सिटी, डेल्फ्ट यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी और इरास्मस यूनिवर्सिटी रॉटरडैम अच्छे संस्थान हैं।
ऑस्टि्रया : ऑस्टि्रया में पीएचडी के लिए सबसे ज्यादा स्टाइपेंड दिया जाता है। यहां मिलने वाली स्टाइपेंड की बात करें तो वह 1,04,328 डॉलर (लगभग ₹1 करोड़) है, जबकि यहां रहने का औसत खर्च 1,955.43 डॉलर (लगभग ₹1.87 लाख प्रति माह) तक है। वियना यूनिवर्सिटी, वियना यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, इंसब्रुक यूनिवर्सिटी, मेडिकल यूनिवर्सिटी ऑफ ग्राज व साल्जबर्ग यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया जा सकता है।














