ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गोमतीनगर में बन रहे विश्वस्तरीय स्टेशन का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने का निर्णय लिया गया है। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का नाम पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने और कई महापुरुषों की मूर्तियां लगाने का प्रस्ताव पास हुआ।
दरअसल, अटल बिहारी वाजपेयी का लखनऊ से गहरा नाता रहा है। वे लंबे समय तक शहर से सांसद रहे। उन्हें आधुनिक लखनऊ का सूत्रधार भी कहा जाता है। नगर निगम की कार्यकारिणी में इसके अलावा हुसैनगंज चौराहे का नाम महाराणा प्रताप और लालकुआं से नाका चौराहा फ्लाईओवर गुरु गोबिंद सिंह के नाम पर करने के प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली। राजाजीपुरम एफ ब्लॉक चौराहा प्रज्ञान चंद्रयान-3 के नाम पर होगा। यहां चंद्रयान मिशन में शामिल रहीं ऋतु करिधल का घर है। बीच बैठक से चले गए जीएम जलकल
नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में कठौता में गंदगी, पेयजल और सीवर की समस्या पर घंटों हंगामा चला। इस हंगामे के बीच जीएम जलकल मनोज आर्या बैठक छोड़कर चले गए। इस पर उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया और नगर आयुक्त ने उन्हें तत्काल हटाने के लिए शासन को पत्र भी लिख दिया।