ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं और अनुभवी पेशेवरों के लिए एक बेहद शानदार खबर सामने आई है। आज के समय में जहां एक छोटी सी नौकरी पाने के लिए भी कई-कई राउंड के कड़े एग्जाम देने पड़ते हैं, वहीं अगर आपसे कहा जाए कि दिल्ली मेट्रो में आपको बिना कोई परीक्षा दिए सीधे नौकरी मिल सकती है, तो शायद आपको यकीन न हो लेकिन यह बिल्कुल सच है! दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने एक जबरदस्त भर्ती अभियान शुरू किया है। इस बंपर वैकेंसी की सबसे बड़ी और खास बात यही है कि इसमें आपका सिलेक्शन सिर्फ और सिर्फ इंटरव्यू के दम पर होगा। यानी न तो कोई लिखित परीक्षा का झंझट और न ही एग्जाम सेंटर के चक्क र काटने की कोई परेशानी। अगर आपके पास रेलवे या मेट्रो सेक्टर का अच्छा खासा अनुभव है, तो आप 1 लाख रुपये से ज्यादा की मोटी सैलरी वाली इस नौकरी के लिए बेझिझक अप्लाई कर सकते हैं।
किस विभाग में कितनी वैकेंसी ?
डीएमआरसी ने अपनी इस नई भर्ती में एग्जीक्यूटिव और नॉन-एग्जीक्यूटिव दोनों ही कैटेगरी को मिलाकर कुल 73 पदों पर आवेदन मांगे हैं। ये नौकरियां मुख्य रूप से दिल्ली मेट्रो के जयपुर फेज-II प्रोजेक्ट और दिल्ली हेड ऑफिस के कामकाज को रफ्तार देने के लिए निकाली गई हैं।
चलिए, थोड़ा विस्तार से समझते हैं कि आखिर किस विभाग में कितनी सीटें खाली हैं
सिविल और ट्रैक विभाग: इस डिपार्टमेंट में सबसे ज्यादा जरूरत है। यहां 42 सुपरवाइजर और 12 इंजीनियरों की भर्ती की जाएगी (कुल 54 पद)।
सिग्नलिंग एंड टेलीकम्यूनिकेशन : इस विभाग के लिए 07 सुपरवाइजर और 04 इंजीनियर या सीनियर इंजीनियर के पद तय किए गए हैं (कुल 11 पद)।
एनवायरमेंट विभाग: पर्यावरण से जुड़े काम देखने के लिए 03 सुपरवाइजर और 02 इंजीनियर/सीनियर इंजीनियर चाहिए (कुल 05 पद)।
आर्किटेक्चर विभाग: इस सेक्शन में 02 सुपरवाइजर और 01 इंजीनियर/सीनियर इंजीनियर की दरकार है (कुल 03 पद)।
कौन भर सकता है यह फॉर्म?
हर कोई इस फॉर्म को नहीं भर सकता क्योंकि यह कोई फ्रेशर जॉब नहीं है। यह भर्ती डेप्यूटेशन (प्रतिनियुक्ति) और रिटायरमेंट के बाद संविदा (पीआरसीई) के आधार पर की जा रही है। अगर आप डेप्यूटेशन पर आना चाहते हैं, तो आपकी उम्र 55 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। वहीं, जो लोग अपनी पुरानी नौकरी से रिटायर हो चुके हैं और पीआरसीई के तहत अप्लाई कर रहे हैं, उनकी उम्र 55 से 62 साल के बीच तय की गई है। इसके लिए जरूरी है कि आप किसी सरकारी विभाग, भारतीय रेलवे, पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग (पीएसयू) या फिर किसी और मेट्रो कॉर्पोरेशन में पहले से काम कर रहे हों या फिर वहां से रिटायर हो चुके हों। सुपरवाइजर पोस्ट के लिए आपके पास पे-लेवल 6 से 9 में कम से कम 5 साल का काम का तजुर्बा होना चाहिए। इंजीनियर के लिए पे-लेवल 9/10 में 3 साल और सीनियर इंजीनियर के लिए पे-लेवल 11 में 5 साल का एक्सपीरियंस मांगा गया है।
सैलरी कितनी मिलेगी?
दिल्ली मेट्रो अपने कर्मचारियों का खास ख्याल रखती है और इसीलिए इस नौकरी में सैलरी पैकेज भी बेहद शानदार रखा गया है। आपकी पोस्टिंग के हिसाब से सैलरी थोड़ी अलग-अलग होगी। अगर सीनियर इंजीनियर की पोस्टिंग दिल्ली ऑफिस में होती है, तो उन्हें हर महीने 96,600 रुपये मिलेंगे। वहीं अगर उन्हें जयपुर आउटस्टेशन भेजा जाता है, तो यह रकम बढ़कर 1,06,300 रुपये महीने तक पहुंच जाएगी। इंजीनियर पोस्ट के लिए दिल्ली में 75,200 रुपये और जयपुर में 82,700 रुपये प्रति माह की सैलरी तय की गई है। इसके अलावा सुपरवाइजर को दिल्ली में 56,300 से 72,600 रुपये के बीच सैलरी मिलेगी, जबकि जयपुर में यह आंकड़ा 61,900 से 79,900 रुपये महीना होगा।
बिना परीक्षा कैसे होगा सिलेक्शन?
इस भर्ती की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से बिना लिखित परीक्षा के होगी। जो कैंडिडेट्स डेप्यूटेशन पर आएंगे, उन्हें सिर्फ एक पर्सनल इंटरव्यू फेस करना होगा।













