गुवाहाटी। असम के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस की पढ़ाई अब पहले के मुकाबले महंगी हो गई है। राज्य सरकार ने मेडिकल कोर्स की सरकारी फीस में बड़ा बदलाव करते हुए इसे परिवार की सालाना आय से जोड़ दिया है। नई व्यवस्था के तहत ज्यादा आय वाले परिवारों के छात्रों को ज्यादा फीस देनी होगी, जबकि बीपीएल और कम आय वाले परिवारों के विद्यार्थियों के लिए फीस काफी कम रखी गई है। एमबीबीएस की अधिकतम सालाना सरकारी फीस अब 1 लाख और बीडीएस की 75 हजार रुपये की गई है।
नई फीस व्यवस्था के तहत जिन छात्रों के परिवारों की सालाना आय 9 लाख रुपये से ज्यादा है, उन्हें एमबीबीएस के साथ हर साल 1 लाख रुपये सरकारी फीस देनी होगी।
वहीं बीपीएल और कम आय वाले परिवारों के छात्रों के लिए यही फीस 5000 सालाना रखी गई है। 4 लाख से 9 लाख रुपये तक की सालाना आय वाले परिवार के छात्रों को एमबीबीएस के लिए 50 हजार रुपये प्रतिवर्ष देने होंगे। इस तरह पहली बार सरकारी मेडिकल कॉलेज में फीस तय करते समय परिवार की आय को आधार बनाया गया है।
बीडीएस के लिए अधिकतम फीस
बीडीएस की फीस भी आय के अनुसार अलग रखी गई है। 9 लाख रुपये या इससे ज्यादा सालाना आय वाले परिवारों के छात्रों को हर वर्ष 75 हजार रुपये देने होंगे। बीपीएल और कम आय वाले छात्रों के लिए यह फीस 3750 रुपये सालाना होगी। वहीं मध्यम आय वर्ग के छात्रों को 50 प्रतिशत छूट के बाद 37,500 रुपये सालाना फीस देनी होगी।














