ब्लिट्ज ब्यूरो
प्रयागराज। आईसीएसई बोर्ड परीक्षा में प्रयागराज की अर्शिया शरीफ ने देश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। अर्शिया का कहना है अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। इससे आत्मविश्वास जागता है। जब तक मंजिल तक न पहुंच जाएं तब तक धैर्य से परिश्रम करना चाहिए। जनरल मर्चेंट की शॉप चलाने वाले पिता की इस बेटी का ख्वाब भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाकर देश की सेवा करने का है।
अर्शिया गर्ल्स हाईस्कूल एंड कॉलेज (जीएचएस) की छात्रा हैं। उन्होंने देश के टॉपरों की टॉप फाइव सूची में नाम दर्ज कराकर प्रयागराज का नाम रोशन किया है। अर्शिया को सामाजिक विज्ञान में 99, अंग्रेजी 97 और राजनीति शास्त्र और इतिहास में 100 में से 100 अंक मिले हैं। इन्होंने ओवरआल 99 फीसदी अंक के साथ सफलता का इतिहास रचा है।