ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।परीक्षा की तैयारी व पढ़ाई का अंदाज अब पूरी तरह से बदल चुका है। वो भी क्या दिन थे जब किसी सवाल पर अटकने के बाद स्टूडेंट्स को अगले दिन स्कूल जाकर टीचर से पूछने का इंतजार करना पड़ता था या ट्यूशन वाले मास्टर जी का रास्ता देखना होता था। आज के डिजिटल दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ने एजुकेशन की दुनिया में एक बड़ी क्रांति ला दी है। एग्जाम सिर पर हों और समझ न आ रहा हो कि शुरुआत कहां से करें, या फिर किसी मुश्किल थ्योरी को समझना हो… एआई अब हर कदम पर छात्रों का सबसे बड़ा साथी बन गया है।
आज के युवा स्मार्ट हो गए हैं; वे घंटों सिर खपाने और रट्टा मारने के बजाय एआई टूल्स का इस्तेमाल करके अपनी तैयारी को धार दे रहे हैं लेकिन हर सिक्के के दो पहलू होते हैं। अगर आप भी पढ़ाई के लिए चैटजीपीटी या गूगल जेमिनी जैसे एआई टूल्स का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपको कुछ बातें जरूर जान लेनी चाहिए। आइए आपको बताते हैं कि एआई का सही इस्तेमाल करके आप कैसे परीक्षा में बेहतरीन स्कोर कर सकते हैं और किन गलतियों से आपको बचना चाहिए।
1.स्मार्ट स्टडी रूटीन बनाने में मददगार
परीक्षा से पहले सबसे बड़ा सिरदर्द होता है टाइमटेबल बनाना। किस विषय को कितना वक्त दें, कौन सा टॉपिक छूट गया है और एग्जाम में कितने दिन बचे हैं, ये सब सोचकर ही दिमाग खराब हो जाता है। ऐसे में एआई आपका पर्सनल प्लानर बन सकता है। आप बस उसे अपनी जरूरतें बताएं, जैसे आपके पास रोज पढ़ने के लिए कितने घंटे हैं और किन विषयों में आप कमजोर हैं। मिनटों में एक शानदार रूटीन आपके सामने होगा। हालांकि, आंख मूंदकर इस रूटीन को फॉलो न करें। अपनी सहूलियत और क्षमता के हिसाब से इसमें बदलाव जरूर करें। जिस विषय में आप खुद को कमजोर मानते हैं, उसके लिए थोड़ा ज्यादा वक्त निकालें।
2.मुश्किल और उबाऊ टॉपिक्स को बनाएं आसान
कई बार किताबों में लिखी भाषा इतनी किताबी और भारी-भरकम होती है कि कुछ पल्ले ही नहीं पड़ता। विज्ञान के जटिल नियम हों, गणित के फॉर्मूले या फिर इतिहास की कोई उलझी हुई घटना, एआई से आप इसे बिल्कुल अपनी आम बोलचाल की भाषा में समझने के लिए कह सकते हैं। आप एआई को कमांड दे सकते हैं कि मुझे यह टॉपिक मजेदार उदाहरण देकर समझाओ। यह आपके लिए चीजों को बिल्कुल आसान बना देगा लेकिन एक बात की गांठ बांध लें कि परीक्षा की असली तैयारी के लिए अपनी टेक्स्टबुक और स्कूल टीचर की बताई बातों को ही हमेशा पहली प्राथमिकता दें। एआई के जवाबों को अपनी किताब से क्रॉस-चेक जरूर करें।
3.खुद का टेस्ट लें और गलतियां पहचानें
अपनी तैयारी परखने का सबसे बेहतरीन तरीका है प्रैक्टिस करना। अब आपको इसके लिए महंगी टेस्ट सीरीज पर पूरी तरह निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। आप एआई को किसी भी चैप्टर से एमसीक्यू, शॉर्ट आंसर वाले सवाल या एक पूरा प्रैक्टिस पेपर तैयार करने को कह सकते हैं। टेस्ट देने के बाद आप एआई से ही अपनी गलतियों का विश्लेषण भी करवा सकते हैं। इससे आपको पता चल जाएगा कि आपका कौन सा हिस्सा कमजोर है और कहां ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है। बस इस बात का ध्यान रखें कि एआई के बनाए गए सवालों को ही बोर्ड या फाइनल एग्जाम के कन्फर्म सवाल मानकर न बैठ जाएं।
4.बड़े चैप्टर्स के शॉर्ट नोट्स बनाना
एग्जाम से ठीक एक रात पहले पूरी किताब पलटना नामुमकिन होता है। ऐसे वक्त में शॉर्ट नोट्स ही नैया पार लगाते हैं। जब आप कोई बड़ा चैप्टर पढ़ लें, तो उसके अहम पॉइंट्स, जरूरी परिभाषाएं, फॉर्मूले या तारीखों की एक लिस्ट बनाने के लिए एआई की मदद ले सकते हैं। इससे आपका काफी वक्त बचेगा लेकिन यहां एक बड़ा पेंच है, सिर्फ एआई के बनाए नोट्स रटकर एग्जाम देने चले जाना बेवकूफी होगी। पहले पूरा चैप्टर खुद पढ़ें, ताकि कोई जरूरी जानकारी छूट न जाए और आप संदर्भ को ठीक से समझ सकें।
5.गलतियों की गहराई तक जाना
जब हम टेस्ट देते हैं और कोई जवाब गलत हो जाता है, तो अक्सर हम सिर्फ सही जवाब देकर आगे बढ़ जाते हैं लेकिन असली पढ़ाई वो है जब आप समझें कि वो जवाब गलत क्यों हुआ। एआई इस काम में उस्ताद है। आप उससे अपनी गलतियों की वजह पूछ सकते हैं। जब तक आपके दिमाग की बत्ती न जल जाए, आप उससे सवाल कर सकते हैं। इसके बाद उसी पैटर्न पर नए सवाल मांगकर अपनी प्रैक्टिस को और मजबूत कर सकते हैं।
इन बातों का रखें खास खयाल
एआई कोई जादू की छड़ी या सर्वज्ञानी नहीं है। यह एक मशीन है और अक्सर यह बिल्कुल कॉन्फिडेंस के साथ गलत जानकारी भी दे देता है। इसलिए सरकारी आंकड़े, ऐतिहासिक तथ्य या कोई भी अहम जानकारी हमेशा भरोसेमंद सोर्स या अपनी किताब से ही कन्फर्म करें। इसके अलावा, कभी भी अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड या कोई भी गुप्त डेटा एआई को प्रॉम्प्ट में न दें। सबसे अहम बात ये है कि एआई के दिए गए जवाबों को तोते की तरह रटने के बजाय उसे अपनी भाषा में समझकर लिखने की आदत डालें।













