ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में दो दोषियों की उम्रकैद की सजा निलंबित करते हुए उन्हें जमानत दे दी है। दोनों दोषी 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। इनमें से एक गंभीर शारीरिक विकलांगता से पीड़ित है।
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीवी वराले की पीठ ने यह आदेश दिया, जिसे 16 नवंबर को सार्वजनिक किया गया। जमानत पाने वाले दोषियों के नाम विपिनचंद जोशी और प्रदीप रमनलाल मोड़िया हैं। दोनों ने बॉम्बे हाईकोर्ट के 4 मई, 2017 के फैसले को चुनौती दी थी।
हाईकोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दोनों दोषी 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं और उनमें से एक गंभीर शारीरिक विकलांगता से पीड़ित है। उनकी अपील में तथ्य और कानून से जुड़े विचारणीय मुद्दे हैं। ऐसे में उनकी सजा निलंबित की जाती है।
आरक्षित सीटों का रोटेशन सरकार का विवेकाधिकार
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में एससी-एसटी आरक्षित सीटों के रोटेशन पर सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि किसी मतदाता था उम्मीदवार को किसी खास निर्वाचन क्षेत्र को एससी/एसटी के लिए आरक्षित कराने का कोई अधिकार नहीं है। आरक्षित सीटों का रोटेशन किस तरीके से और किस समयसीमा में होगा, यह सरकार के विवेकाधिकार में है।
जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस पी. मोहना की पीठ ने राज्य के स्थानीय निकायों में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सीटों के रोटेशन से जुड़ी महाराष्ट्र सरकार की नीति को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया। पीठ ने कहा कि महाराष्ट्र जिला परिषद और पंचायत समिति निगम, 2025 के संशोधन के बाद होने वाले अगले चुनाव को रोटेशन के लिए पहला चुनाव मानने में कुछ गलत नहीं है। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि इससे पुरानी रोटेशन व्यवस्था बाधित होगी और समानता के अधिकार का हनन होगा।














