ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम टिप्पणी करते हुए कहा है कि हत्या के मामलों में आरोपी के बरी हो जाने के बावजूद पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा देने पर विचार किया जाना चाहिए। अदालत का मानना है कि सबूतों के अभाव में आरोपी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता, लेकिन इससे पीड़ित परिवारों के नुकसान और उनके दर्द को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि न्याय व्यवस्था में पीड़ित परिवारों के हितों को भी पर्याप्त महत्व मिलना चाहिए। जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ ने हरियाणा के भिवानी में 2011 में हुए दोहरे हत्याकांड में एक आरोपी को बरी करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), भिवानी को इस मामले में पीड़ित मुआवजा योजना के प्रावधानों की जांच करने को कहा। अदालत ने पूछा कि क्या दोनों मृतक महिलाओं के परिवारों को आर्थिक सहायता दी जा सकती है।
भिवानी की 2 महिलाओं की पीटकर हत्या का मामला
मामला 17 अप्रैल 2011 को भिवानी जिले के रानीला गांव में दो विधवा महिलाओं शकुंतला और सुमन की हत्या से जुड़ा है। अभियोजन के मुताबिक, दोनों महिलाओं को उनके रिश्तेदार नरेश और सुभाष ने कथित तौर पर लाठियों से पीटकर मार डाला था। हत्या के पीछे परिवार की कथित इज्जत और महिलाओं के निजी संबंधों को लेकर शक बताया गया था। आरोप था कि नरेश ने पहले सुमन को घर से बाहर खींचकर पीटा और फिर शकुंतला के घर जाकर उसकी भी हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को वारदात के दो दिन बाद गिरफ्तार किया गया था। 2013 में भिवानी की फास्ट ट्रैक अदालत ने नरेश को मौत की सजा सुनाई थी।














