ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्रीय सचिवालय की 135 साल पुरानी लाइब्रेरी और उसमें मौजूद करीब 8.5 लाख किताबों को दूसरी जगह ले जाने की तैयारी पर केंद्र सरकार को कड़ी फटकार लगाई। सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत शास्त्री भवन को गिराने की तैयारी के बीच किताबों को उचित व्यवस्था किए बिना दूसरी जगह स्थानांतरित करने की कोशिश पर अदालत ने कहा कि इन किताबों का कुछ तो सम्मान करिये।
न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा की पीठ ने केंद्र को निर्देश दिया कि अगली सुनवाई तक लाइब्रेरी की किताबें कहीं और स्थानांतरित नहीं की जाएंगी। पीठ ने किताबों को संभालने के तरीके पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार इस मामले में जल्दबाजी दिखा रही है, जबकि करीब साढ़े आठ लाख किताबों के संरक्षण और उन्हें रखने की समुचित व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
स्वतः संज्ञान पर सुनवाई
अदालत ने सवाल उठाया कि आखिर इन किताबों को कहां रखा जाएगा और उनके रखरखाव का क्या इंतजाम किया गया है। सुप्रीम कोर्ट इस मामले में स्वतः संज्ञान लेकर सुनवाई कर रहा है।
…तो दूसरे देश को दे दीजिए
सरकार किताबों के साथ जिस तरह का व्यवहार कर रही हैं, उससे लगता है कि उसे इस विरासत की कोई परवाह नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर इन किताबों को संभाल नहीं सकते तो इन्हें ऐसे किसी दूसरे देश को दे दीजिए, जो इनकी देखभाल और सम्मान कर सके। कम से कम इन किताबों का सम्मान तो कीजिए।
किताबें सुरक्षित रखने के लिए कोई पक्क ी योजना नजर नहीं आती। किताबों का इतिहास 1702 ईस्वी तक जाता है। इन्हें इस तरह लावारिस नहीं छोड़ा जा सकता।
पहले भी केंद्र से मांगा था जवाब
शीर्ष कोर्ट ने पांच अक्तूबर को केंद्र से लाइब्रेरी के लिए प्रस्तावित नए परिसर का वास्तविक लेआउट प्लान और आवंटित क्षेत्रफल का ब्योरा मांगा था। केंद्र ने तब बताया था कि मौजूदा लाइब्रेरी 4,144 वर्ग मीटर में है, जबकि नए परिसर में 5,200 वर्ग मीटर जगह का प्रस्ताव है। पीठ ने केंद्र से पूछा था कि क्या इतनी जगह पर्याप्त होगी या नहीं। केंद्र ने इस संबंध में हलफनामा दाखिल किया है।
लाइब्रेरी की जगह स्पष्ट नहीं, दो लाख किताबें खराब हालत में
वरिष्ठ अधिवक्ता हरिप्रिया पद्मनाभन (अदालत की सहायता के लिए नियुक्त न्यायमित्र) ने कहा कि नवंबर तक किताबें शिफ्ट करने की जल्दबाजी दिखाई जा रही है। प्रस्तावित नए परिसर में लाइब्रेरी के लिए उपलब्ध जगह का पूरा ब्योरा भी स्पष्ट नहीं है। मौजूदा लाइब्रेरी में किताबों की आलमारियों के लिए इस्तेमाल जगह और नए परिसर में मिलने वाली जगह का तुलनात्मक विवरण मांगा जाए।
पद्मनाभन के अनुसार, लाइब्रेरी की करीब दो लाख किताबें पिछले 15 साल से आरके पुरम में डिब्बों में बंद पड़ी हैं और उनकी हालत बेहद खराब है।
केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने कहा कि आरके पुरम में रखी किताबें तुलसी सदन लाइब्रेरी से आई थीं।
इस पर पीठ ने न्यायमित्र से यह सत्यापित करने को कहा कि क्या उन किताबों पर तुलसी सदन लाइब्रेरी का टैग लगा है। साथ ही, स्पष्ट किया कि किताबें स्थानांतरित करने से पहले उनके संरक्षण और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।
चार मंजिला लाइब्रेरी में 8.5 लाख किताबें
भारत के सबसे पुराने और महत्वपूर्ण पुस्तकालयों में से एक केंद्रीय सचिवालय लाइब्रेरी की स्थापना 1891 में हुई थी। इसमें 8.5 लाख से अधिक किताबें और दुर्लभ दस्तावेज हैं। इसमें सरकारी रिपोर्ट, राजपत्र और विभिन्न विषयों के ग्रंथ भी शामिल हैं।
यह लाइब्रेरी 1969 से नई दिल्ली के शास्त्री भवन में चार मंजिलों पर संचालित हो रही है। यह करीब 4,144 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैली हुई है।














