ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। कनाडा को हायर एजुकेशन के लिए दुनिया के बेहतरीन देशों में से एक माना जाता है। यहां पर दुनिया के कोने-कोने से स्टूडेंट्स पढ़ाई करने आते हैं। भारतीय स्टूडेंट्स भी यहां बड़ी संख्या में पढ़ाई कर रहे हैं।
कनाडा में अगले 3 साल एडमिशन मिलना मुश्किल होने वाला है, क्योंकि सरकार ने बता दिया है कि कितने स्टूडेंट्स को स्टडी परमिट दिया जाएगा। दरअसल, कनाडा ने अपना इमिग्रेशन लेवल प्लान बता दिया है। इसके तहत 2027 से 2029 तक हर साल सिर्फ 1.50 लाख नए विदेशी स्टूडेंट्स को देश में एंट्री मिलेगी। 2027-2029 के लिए तय टारगेट 2026 से 3.2% कम है।
भारतीय छात्रों के लिए ऑफ-कैंपस 24 घंटे काम
ये 2025 में आने वाले नए छात्रों के लिए तय किए गए 3,05,900 के टारगेट का लगभग आधा है, जो टेंपरेरी रेजिडेंट्स (विदेशी स्टूडेंट और वर्कर) की संख्या कम करने के कनाडा के बड़े कदम को दिखाता है। ये टारगेट कनाडा की उस योजना का हिस्सा है, जिसके तहत 3 साल की अवधि में हर साल आने वाले नए टेंपरेरी रेजिडेंट की संख्या को 3,70,000 तक सीमित किया जाएगा। इसमें से लगभग 40% विदेशी छात्र होंगे, जबकि बाकी 60% वर्कर्स होंगे। फिलहाल सरकार इसी पर फोकस कर रही है।
कनाडा में एडमिशन क्यों मुश्किल होगा?
कनाडा में यूनिवर्सिटीज भले ही स्टूडेंट्स को एडमिशन देने के लिए तैयार हो जाएं, लेकिन सरकार के टारगेट की वजह से सभी को स्टडी परमिट मिलेगा, ये मुमकिन नहीं है। कनाडाई इमिग्रेशन अधिकारी स्टडी परमिट आवेदनों की सख्ती से जांच करेंगे, ताकि किसी भी तरह की छोटी गलती पाए जाने पर भी आवेदन रिजेक्ट कर दिए जाएं।
इमिग्रेशन में सख्ती इसलिए की जाएगी, ताकि तय संख्या में स्टूडेंट्स को एडमिशन मिले और फिर एंट्री परमिट देकर उन्हें देश में बुलाया जाए।
1.50 लाख का टारगेट होने की वजह से हर कॉलेज सीट पर कॉम्पिटिशन बढ़ जाएगा, क्योंकि सरकार को सिर्फ इतने ही स्टूडेंट को एंट्री देनी है, भले ही 2 लाख स्टूडेंट एडमिशन क्यों ना पा लें।
स्टूडेंट टारगेट में क्या-क्या शामिल है?
ये टारगेट ‘इंटरनेशनल स्टूडेंट प्रोग्राम’ के तहत कनाडा आने वाले नए विदेशी स्टूडेंट्स पर लागू होता है। इसमें वे विदेशी नागरिक शामिल हैं, जो किसी प्रांत या क्षेत्र द्वारा मान्यता प्राप्त कॉलेज-यूनिवर्सिटी में छह महीने या उससे ज्यादा समय तक पढ़ाई करते हैं। इस आंकड़े में स्टडी परमिट का एक्सटेंशन या कनाडा के भीतर से किए गए आवेदन शामिल नहीं हैं। इसमें वे लोग भी शामिल नहीं हैं जो वीजा या इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन के साथ देश में आते हैं।
‘पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट’ को भी वर्कर्स के टारगेट में शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि कनाडा इन्हें नए आगमन के बजाय, मौजूदा स्टेटस के एक्सटेंशन या बदलाव के रूप में देखता है। स्टूडेंट्स का टारगेट 2027, 2028 और 2029 के लिए 1,50,000 पर ही बरकरार रखा गया है। हालांकि, 2028 और 2029 के आंकड़े अभी सिर्फ अनुमानित हैं। इन्हें अगले साल 1 नवंबर तक पक्क ा किया जा सकता है या इनमें बदलाव किया जा सकता है।














