ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। कर्मचारियों के लिए पीएफ यानी प्रॉविडेंट फंड से जुड़ा पैसा निकालने के नियमों में कई बड़ी राहतों को मंजूरी मिली है। इनमें सबसे अहम है रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी चाहे तो अपने पीएफ की पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय किस्तों में ले सकेगा। केंद्रीय भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफओ की बैठक में इसके लिए सिस्टेमैटिक विड्रॉल प्लान यानी एसडब्ल्यूपी को मंजूरी दी गई। इसके तहत रिटायर होने वाले कर्मचारी अपनी पीएफ में जमा रकम को हर महीने, तीन महीने में या हर फिर छह महीने में किस्तों में निकाल सकेंगे। अभी तक कर्मचारी आमतौर पर रिटायरमेंट के बाद पूरी रकम एक साथ निकालते हैं। किस्तों में पैसा निकालने के बाद खाते में बची रकम पर ब्याज मिलता रहेगा। इससे रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को नियमित आमदनी होती रहेगी और बची हुई रकम रिटर्न के साथ बढ़ती रह सकती है। यह सुविधा पूरी तरह वैकल्पिक होगी। अगर किस्तों में पैसा मिलने की अवधि के दौरान किसी सदस्य की मौत हो जाती है, तो उसके नॉमिनी या आश्रितों को खाते में बची रकम एक साथ निकालने या पहले की तरह किस्तों में लेते रहने का विकल्प मिलेगा। श्रम मंत्रालय के मुताबिक, 55 साल से ज्यादा उम्र के 6.32 लाख ईपीएफ सदस्यों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।
पीएफ खाते में 10% ही जरूरी
ईपीएफओ बोर्ड ने पीएफ खातों में मिनिमम बैलेस रखने की अनिवार्यता को भी 25% से घटाकर 10% कर दिया है। इससे सदस्यों को पीएफ खाते में जमा रकम का पहले से ज्यादा हिस्सा निकालने की सुविधा मिलेगी।
उम्र 55 या कम, 90% फंड निकाल सकेंगे
55 साल तक के पात्र सदस्य अपने पीएफ फंड का अधिकतम 90% हिस्सा निकाल सकेंगे। पहले वे अधिकतम 75% रकम ही निकाल सकते थे। रिटायरमेट, स्थायी दिव्यांगता, छंटनी, वीआरएस या स्थायी रूप से भारत छोड़ने जैसी स्थितियों में पूरी पीएफ राशि निकालने का प्रावधान पहले की तरह बना रहेगा।
पूरे पैसे के लिए 12 महीने इंतजार नहीं करना होगा
नौकरी छूटने के बाद पीएफ की पूरी रकम निकालने के लिए इंतजार की अवधि 12 महीने से घटाकर 2 महीने कर दी गई है। पहले नौकरी छूटने पर कर्मचारी तुरंत पीएफ का 75% हिस्सा निकाल सकते थे। बाकी 25% रकम एक साल बाद ही निकाली जा सकती थी।














