ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश कैडर के 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार यादव को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार के आदेश के अनुसार, उनकी नियुक्ति प्रतिनियुक्ति के आधार पर मौजूदा रिक्त पद पर की गई है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से 6 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि अजय कुमार यादव को सीआरपीएफ में वेतन मैट्रिक्स के लेवल-15 के तहत एडीजी के पद पर प्रतिनियुक्ति के आधार पर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और 30 सितंबर 2030 (उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि) तक अथवा अगले आदेश तक, इनमें से जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी। गृह मंत्रालय के पत्र में अनुरोध है कि अजय कुमार यादव, आईपीएस (एचपी: 1996) को तत्काल कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे केंद्र में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें।














