नई दिल्ली। हवाई टिकट कैंसिल होने के बाद पैसा वापस पाने से जुड़ी शिकायतें यात्रियों की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल हो गई हैं। नागर विमानन मंत्रालय के आंकड़े बताते हैं कि 10 दिसंबर 2025 से 1 मार्च 2026 के बीच हवाई सेवा से जुड़ी कुल 28,029 शिकायतें आईं। इनमें 11,780 (42%) सिर्फ रिफंड और कैंसिलेशन कैटेगरी की थीं। करीब 82 दिनों की इस अवधि में हर दिन औसतन लगभग 144 शिकायतें रिफंड को लेकर हुई ं। वहीं, सरकार का दावा है कि इनमें से 11,579 शिकायतें हल हो गईं। हालांकि इन मामलों में कुल कितने रुपए का रिफंड शामिल था और किसी निश्चित तारीख को एयरलाइंस के पास यात्रियों के कितने रुपए बाकी थे? इन सवालों के जवाब मंत्रालय के रिकॉर्ड में नहीं मिले।
तीन महीने में 5% बढ़ीं रिफंड की शिकायतें
शिकायतों के वार्षिक आंकड़ों से एक पैटर्न सामने आता है। 2023 में रिफंड की शिकायतें 34.3% और 2024 में करीब 27.9% रहीं जबकि 2025 में इनका हिस्सा करीब 37.2% हो गया। इसके बाद 10 दिसंबर 2025 से 1 मार्च 2026 तक यह प्रतिशत 42 के पार हो गया।
एक साल में शिकायतें दोगुनी
वर्ष कुल रिफंड
2024 19,262 5,369
2025 29,042 10,804
शिकायतों का पैटर्न
5959 शिकायतें फ्लाइट में देरी वाली
11,780 रिफंड-कैंसिलेशन वाली
3785 शिकायतें बैगेज से जुड़ी
6505 अन्य शिकायतें
28,029 कुल शिकायतें














