ब्लिट्ज ब्यूरो
कोच्चि। प्रयागराज महाकुंभ से चर्चित मोनालिसा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। केरल हाईकोर्ट ने मोनालिसा को एक बार फिर पुलिस सुरक्षा प्रदान करने का आदेश दिया। मोनालिसा ने दावा किया है कि अलग-अलग समूहों के लोग उसका लगातार पीछा कर रहे हैं और वह जहां भी जाती है, वहां की जानकारी प्रसारित कर रहे हैं।
हाईकोर्ट ने 10 जुलाई को उसे पुलिस सुरक्षा देने वाले अपने पुराने आदेश को रद कर दिया था, जब पुलिस की ओर से यह सूचित किया गया कि उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। हालांकि अदालत ने यह भी निर्देश दिया था कि जब भी लड़की सुरक्षा की मांग करते हुए पुलिस से संपर्क करे, उसे सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
हाईकोर्ट में क्यों की सुरक्षा की गुहार?
लड़की के वकील पीएस अनीशाद ने बताया कि अदालत ने इस मामले में पलारीवट्टोम थाने के थाना प्रभारी को पक्षकार बनाया और निर्देश दिया कि सुनवाई की अगली तारीख तक लड़की को पुलिस सुरक्षा दी जाए। इसके बाद युवती ने पलारीवट्टोम थाने में आवेदन देकर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई।














