ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। बांग्लादेश के विदेश सचिव असद आलम सियाम, जिन्हें पिछली यूनुस सरकार ने देश का शीर्ष राजनयिक नियुक्त किया था, अब भारत में बांग्लादेश के अगले उच्चायुक्त बनने जा रहे हैं। तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के पांच महीने बाद यह बड़ा राजनयिक फेरबदल माना जा रहा है।
‘प्रोथोम आलो’ की रिपोर्ट के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र में बांग्लादेश के स्थायी प्रतिनिधि और नेपाल में पूर्व राजदूत सलाउद्दीन नोमान चौधरी को सियाम की जगह नया विदेश सचिव बनाया जा सकता है।
इस बदलाव के तहत भारत में मौजूदा बांग्लादेशी हाई कमीशन एम. रियाज हमीदुल्लाह को जिनेवा में बांग्लादेश का स्थायी प्रतिनिधि बनाकर भेजा जाएगा। असद आलम सियाम ने 20 जून 2025 को विदेश सचिव का पद संभाला था। उन्हें बांग्लादेश के सबसे अनुभवी करियर राजनयिकों में गिना जाता है। उन्होंने 1995 में बांग्लादेश विदेश सेवा जॉइन की थी और पिछले 30 साल में एशिया, यूरोप और उत्तरी अमेरिका में कई अहम राजनयिक और नीति संबंधी पदों पर काम किया है।
मौजूदा पद संभालने से पहले सियाम नवंबर 2024 से जून 2025 तक अमेरिका में बांग्लादेश के राजदूत रहे। उनके पास गुयाना का अतिरिक्त प्रभार भी था। इसके अलावा उन्होंने विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष में भी बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व किया।
इससे पहले वह ऑस्ट्रिया में बांग्लादेश के राजदूत रहे, जहां उन्होंने वियना स्थित संयुक्त राष्ट्र कार्यालय और ओपेक फंड में भी स्थायी प्रतिनिधि की जिम्मेदारी निभाई। वह फिलीपींस में भी बांग्लादेश के राजदूत रहे और पलाऊ का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला।














