ब्लिट्ज ब्यूरो
एटा। एटा के जलेसरवासियों की तरफ से राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट को 2,400 किलो का घंटा सौंपा गया हैं। दावा किया जा रहा है कि एक ही ढलाई में बने इस घंटे की आवाज दस किलोमीटर तक जाएगी। इसके साथ ही 51 किलो के सात और घंटे भी सौंपे गए हैं। 500 रामभक्तों के साथ अयोध्या आए आदित्य मित्तल, मनोज, रिशांक, प्रशांत मित्तल ने कारसेवकपुरम पहुंचकर मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय, विश्व हिन्दू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र, राजेन्द्र सिंह पंकज आदि को सभी घंटे मंदिर के निमित्त सौंपे। घंटा अष्टधातु से निर्मित है।
इसका पूजन किया गया। सावित्री ट्रेडर्स के मालिक आदित्य मित्तल और प्रशांत मित्तल द्वारा बनवाए गए घंटे की लागत 25 लाख रुपये आई है। अयोध्या तक घंटा पहुंचाने के लिए रथ तैयार कराया गया था। घंटा अष्टधातु का है, जिसमें पीतल, कांस्य, तांबा, एल्युमीनियम, लोहा, स्वर्ण, चांदी और जस्ता शामिल हैं। घंटा बनाने में 70 श्रमिकों को 21 दिन लगे।




















