ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीसी यानी मेडिकल काउंसलिंग कमेटी के तहत हो रही स्पेशल स्ट्रे राउंड काउंसलिंग के लिए एमबीबीएस की खाली सीटों की संख्या बढ़कर 946 हो गई है। पिछले स्ट्रे राउंड के बाद 837 सीटें खाली रह गई थीं। अधिकारियों ने बताया कि स्ट्रे राउंड के दौरान 109 उम्मीदवारों के अपने अलॉटेड मेडिकल कॉलेजों में शामिल न होने की वजह से ये अतिरिक्त सीटें खाली हो गईं। लेटेस्ट डेटा के अनुसार कुल 946 में से 688 सीटें तमिलनाडु में और 187 सीटें पुडुचेरी में हैं। यानी सिर्फ तमिलनाडु और पुडुचेरी में ही 875 सीटें खाली हैं। कर्नाटक में 25 और महाराष्ट्र में 13 सीटें खाली हैं। बाकी 33 सीटें 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हैं।
एम्स में भी सीट खाली
खाली सीटों में से 920 सीटें डीम्ड यूनिवर्सिटी में हैं। इनमें 15% ऑल इंडिया कोटा के तहत 22 सीटें, ओपन-सीट कोटा के तहत 2 सीटें और दिल्ली यूनिवर्सिटी तथा एनआरआई कोटा के तहत 1-1 सीट शामिल है। एम्स मदुरै में एक सीट और गवर्नमेंट स्टेनली मेडिकल कॉलेज में भी एक सीट खाली है।
स्ट्रे राउंड के बाद एमबीबीएस की 837 सीटें खाली रह गई थीं। इनमें से ज्यादातर सीटें तमिलनाडु और पुडुचेरी की डीम्ड यूनिवर्सिटी में हैं जहां सालाना ट्यूशन फीस 23 लाख से 35 लाख रुपये तक है। कर्नाटक और तमिलनाडु सहित कई संस्थानों ने छात्रों और उनके परिवारों के साथ पर्सनल बातचीत के दौरान सालाना फीस में छूट की पेशकश की है।
बीडीएस और बीएससी नर्सिंग में सीटें खाली
बीडीएस में 207 सीटें खाली हैं जिनमें से 112 सीटें सरकारी कॉलेजों में हैं। केरल के सरकारी डेंटल कॉलेजों में 17 सीटें खाली हैं, इसके बाद तमिलनाडु में 11 और महाराष्ट्र में 9 सीटें खाली हैं। इसके अलावा दिल्ली, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में बीएससी नर्सिंग की 66 सीटें भी खाली हैं।
स्पेशल राउंड पहले भी होते रहे हैं
स्पेशल राउंड कोई नई बात नहीं है। एमसीसी ने रेगुलर काउंसलिंग के बाद खाली बची सीटों को भरने के लिए 2021, 2023, 2024 और 2025 सहित पिछले एडमिशन साइकिल में एक्स्ट्रा राउंड किए हैं।
नेशनल मेडिकल कमीशन के 2026-27 सीट मैट्रिक्स के अनुसार भारत में 1,40,664 एमबीबीएस सीटें हैं जिनमें सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 64121 और प्राइवेट संस्थानों में 76543 सीटें शामिल हैं। एमसीसी के काउंसलिंग पूल में 27292 सीटें शामिल थीं जिनमें डीम्ड यूनिवर्सिटी में 16975 और दूसरे संस्थानों में 10317 सीटें शामिल हैं।
आसमान छूती फीस
यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट के चेयरपर्सन डॉ. लक्ष्य मित्तल ने कहा कि फीस में बड़ा अंतर होने की वजह से ज्यादा स्कोर करने वाले नीट कैंडिडेट भी उन सीटों को छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं जो वे मेरिट के आधार पर हासिल कर सकते थे। उन्होंने कहा, “एक राज्य में एमबीबीएस की फीस लगभग 5 लाख है, जबकि तमिलनाडु जैसे दूसरे राज्य में यह लगभग 20 लाख है। जब पढ़ाई एक जैसी है तो इतना बड़ा अंतर क्यों है?” उन्होंने एक असरदार रेगुलेटरी सिस्टम के जरिए फीस को सही करने की मांग की।













