ब्लिट्ज ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय जल शक्ति विभाग में कार्यरत हिमांशु नागर को राष्ट्रीय जल पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है। उन्हें उत्कृष्ट कार्य को लेकर प्रथम स्थान मिला है। हिमांशु नागर मूल रूप से ग्रेटर नोएडा के सादुल्लापुर गांव के निवासी हैं। नागर को पुरस्कार मिलने के बाद गांव में खुशी का माहौल है। उन्हें यह पुरस्कार ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो मार्ट में इंडिया वाटर वीक में प्रदान किया गया।
एक्सपो मार्ट में हिमांशु नागर को गृह मंत्रालय सीडब्ल्यूसी चीफ डायरेक्टर और चेयरमैन ने राष्ट्रीय जल पुरस्कार से पुरस्कृत किया। हिमांशु को पुरस्कार मिलने के बाद उन्हें जिलेभर के लोग बधाई देने पहुंच रहे हैं। यह अवार्ड मिलना उनके लिए गर्व की बात है। हिमांशु नागर के बड़े भाई अरविंद नागर आयकर विभाग दिल्ली में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। उनकी बड़ी बहन रश्मी नागर प्राइमरी स्कूल तिलपता स्कूल में प्रधानाचार्य हैं और पिता खुद कृषि मंत्रालय से रिटायर हुए हैं। एक्सपो मार्ट में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने इंडिया वाटर वीक का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शिरकत की थी। 40 से अधिक देशों के दो हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी राष्ट्रपति से मिले। कार्यक्रम को योगी आदित्यनाथ और आनंदीबेन पटेल ने भी संबोधित किया था।