तिरुपति। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुनिया भर में मशहूर तिरुमाला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर की पूजा-अर्चना की। हालांकि उन्हें पहाड़ी पर स्थित मंदिर में ‘महाद्वारम’ से प्रवेश करने का अधिकार था, फिर भी उन्होंने एक आम भक्त की तरह ‘वैकुंठम क्यू कॉम्प्लेक्स’ से मंदिर में प्रवेश किया।
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी सीएच वेंकैया चौधरी और बोर्ड के सदस्य जी भानु प्रकाश रेड्डी, यूपी के मुख्यमंत्री को गर्भगृह तक ले गए, जहां योगी ने भगवान वेंकटेश्वर की पूजा की।
योगी को भेंट की गई बालाजी की तस्वीर
रंगनायकुल मंडपम पहुंचने के बाद, टीटीडी के अतिरिक्त ईओ और पुजारियों ने उन्हें मंदिर का तीर्थ प्रसाद और भगवान बालाजी की एक तस्वीर भेंट की। तिरुमला मंदिर के अंदर योगी ने कहा कि उन्होंने आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पूरे देश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
रामानुजाचार्य को किया याद
योगी ने कहा कि तिरुमाला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर की पूजा करने का अवसर पाकर मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूं। सैकड़ों साल पहले, जगद्गुरु श्री रामानुजाचार्य ने भारत के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने का दिव्य कार्य किया था। उन्होंने आगे कहा कि उसी परंपरा के अनुरूप एक शुभ नक्षत्र में, मुझे प्रभु राम और हनुमान जी की शोभा यात्रा में शामिल होने का भी दिव्य अवसर मिला।
मंदिर की व्यवस्था के फैन हुए योगी
मुख्यमंत्री ने हिंदू सनातन धर्म के बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार करने और दुनिया भर से हर साल आने वाले करोड़ों हिंदू भक्तों की तीर्थयात्रा को यादगार और सुविधाजनक बनाने के लिए बेहतरीन इंतजाम करने के लिए तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ट्रस्ट की सराहना भी की। उन्होंने मंदिर की साफ-सफाई की भी तारीफ की। मुख्यमंत्री ने भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए और विशेष पूजा की। योगी को तीर्थ प्रसाद और ‘शेष वस्त्रम’ (पवित्र वस्त्र) भेंट किए गए।














