जामनगर। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत एम. अंबानी ने विश्व पशु दिवस के मौके पर ‘चैंपियंस ऑफ केयर’ पहल की शुरुआत की है। ‘वनतारा’ की इस पहल का लक्ष्य देश में सामुदायिक पशु कल्याण व्यवस्था को मजबूत करना और पशुओं की देखभाल में जुटे संगठनों को सहयोग देना है।
इस राष्ट्रीय अभियान के तहत भारत के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे 50 से ज्यादा पशु कल्याण संगठनों को एक साथ जोड़ा गया है। ये संगठन छोटे-बड़े पशुओं की देखभाल के अलावा पशु चिकित्सा अस्पताल, रेस्क्यू और वेटरनरी सेवाओं और लंबे समय तक देखभाल जैसी सुविधाओं से जुड़े हैं।
गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा में आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में एक फ्रेमवर्क तैयार किया गया है। इस पहल के माध्यम से हर साल करीब 20 लाख पशुओं तक सहायता पहुंचने का अनुमान है। यह पहल सामुदायिक पशुओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए है। इनमें कुत्ते, बिल्लियां, छोड़े हुए जानवर, घोड़े और अन्य काम करने वाले जानवर शामिल हैं। इसके तहत पशु चिकित्सा देखभाल, बचाव अभियान, रहने की सुविधाएं और प्रबंधन कार्यक्रमों के लिए सहायता दी जाएगी।














