ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय टेक्सटाइल एक्सपो ‘भारत टेक्स 2026’ में उत्तर प्रदेश ने देश के सबसे आकर्षक टेक्सटाइल और गार्मेंट मैन्युफैक्चरिंग केंद्र के रूप में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष ‘उत्तर प्रदेश राज्य सत्र’ में राज्य के वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान और वरिष्ठ अधिकारियों ने देश-विदेश के निवेशकों के समक्ष यूपी की निवेश-अनुकूल नीतियों, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और तेजी से विकसित होते औद्योगिक इकोसिस्टम की भव्य तस्वीर पेश की।
उत्तर प्रदेश सरकार के हथकरघा, वस्त्र एवं खादी ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने सत्र का उद्घाटन करते हुए कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश समृद्ध पारंपरिक हथकरघा विरासत को आधुनिक तकनीक और ‘टेक्निकल टेक्सटाइल्स’ से जोड़ रहा है। सरकार नीतिगत सुधारों और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के माध्यम से निवेश आकर्षित कर रही है।
4 कंपनियों को ₹5.17 करोड़ की वित्तीय सब्सिडी हस्तांतरित
राज्य सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए ‘उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग नीति-2022’ के तहत चार प्रमुख टेक्सटाइल इकाइयों को वित्तीय प्रोत्साहन राशि वितरित की।
के.डी. प्रिंट्स प्राइवेट लिमिटेड (मेरठ): ₹2.37 करोड़
जी.ओ. पॉलिमर्स प्राइवेट लिमिटेड (मुरादाबाद): ₹1.26 करोड़
पैट्रोनस अपैरल्स प्राइवेट लिमिटेड (बुलंदशहर): ₹80 लाख
विनटेक्स इंडस्ट्रीज (बुलंदशहर): ₹74 लाख
इस वित्तीय सहायता से इन औद्योगिक इकाइयों के उत्पादन विस्तार, मशीनों के तकनीकी उन्नयन और स्थानीय स्तर पर हजारों नए रोजगारों के सृजन को सीधा बल मिलेगा। नया निवेश धरातल पर उतारने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को त्वरित बनाने के लिए चार बड़ी कंपनियों को आधिकारिक रूप से ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’ प्रदान किए गए।














