पेरिस। कनाडाई लेखक थेलीसन ओरेलियन की किताब को फ्रांस के सबसे बड़े साहित्यिक पुरस्कार ‘प्रिक्स गोनकोर्ट’ की दौड़ से बाहर कर दिया गया है। ओरेलियन पर उनकी किताब ‘इट वॉज ईदर दैट ऑर डाई’ लिखने में एआई की मदद लेने का आरोप लगा है।
लेखक ने इससे इनकार किया है। उन्होंने कहा कि किताब पर 2017 में काम शुरू हुआ था और 2019 में पहला ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया था। तब आम लोगों के लिए एआई उपलब्ध नहीं थे।
हालांकि गोनकोर्ट अकादमी इससे सहमत नहीं हुई। अकादमी ने कहा कि रिसर्चर्स और पत्रकारों की जांच में किताब का बड़ा हिस्सा एआई की मदद से लिखने का संकेत मिला है। अकादमी ने कहा कि वे एआई कंटेंट से तैयार साहित्य को किसी भी रूप में बढ़ावा नहीं देना चाहते।
‘इट वॉज ईदर दैट ऑर डाई’ किताब का फ्रांसीसी अनुवाद ‘सिएतेत सिए ओ म्यूरिर’ फ्रांस में काफी लोकप्रिय हो रहा है।
सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
ओरेलियन की किताब को लेकर विवाद एक छोटे से गुमनाम सोशल मीडिया अकाउंट से शुरू हुआ। बाद में फ्रांस के अखबार ले फिगारो के लेखक सैमुअल फिटूसी ने माना कि वह इस अकाउंट को चलाते थे।
फिटूसी ने कहा कि कुछ यूजर्स ने उनसे ओरेलियन की किताब की जांच करने को कहा था। इसके बाद उन्होंने किताब को पैंग्राम नाम के एआई से लिखावट पहचानने वाले टूल से जांचा।
3 एआई टूल्स की मदद से किताब की जांच
ओरेलियन की किताब की जांच तीन एआई पहचानने वाले टूल और कई एक्सपर्ट्स ने की। इन जांचों में किताब में एआई के इस्तेमाल की संभावना बताई गई।













