नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम ने आंध्र प्रदेश, केरल, उत्तराखंड और गौहाटी हाई कोर्ट में 12 अपर न्यायाधीशों को स्थायी जज के तौर पर नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है।
प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस बी.वी. नागरत्ना वाले कोलेजियम ने उच्च स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया।
आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट में पांच अपर न्यायाधीशों को स्थायी तौर पर नियुक्त करने की मंजूरी दी गई है। इनमें अपर न्यायाधीश महेश्वर राव कुंचेम, थूटा चंद्र धना सेकर, चल्ला गुणरंजन, अवधानम हरि हरनाध शर्मा, और डॉ. यादवल्ली लक्ष्मणा राव को स्थायी जज बनाया गया है। इसी तरह कोलेजियम ने केरल हाई कोर्ट के अपर न्यायाधीश पी. कृष्णा कुमार, के.वी. जयकुमार, मुरली कृष्णा एस., जोबिन सेबेस्टियन और पी.वी. बालकृष्णन को स्थायी जज के तौर पर नियुक्ति की मंजूरी दी। कोलेजियम ने अपर न्यायाधीश सुभाष उपाध्याय को उत्तराखंड हाई कोर्ट का स्थायी जज नियुक्त किया। एक और प्रस्ताव में अपर न्यायाधीश कौशिक गोस्वामी को गौहाटी हाई कोर्ट का स्थायी जज नियुक्त करने को मंज़ूरी दी।














